नाश्ते में बनाएं कुछ हटके! ये राजस्थानी आलू प्याज का लच्छा पराठा 1 बार जरूर ट्राई करें
Paratha Recipe: आलू प्याज के भरवां पराठे तो आपने खूब खाए होंगे, लेकिन क्या ये राजस्थानी आलू लच्छा पराठा कभी ट्राई किया है? अगर नहीं, तो एक बार ये रेसिपी जरूर बनाकर देखें। घरवाले खाते ही खुश हो जाएंगे।
सुबह का नाश्ता हो या लंच, गरमा-गरम स्टफ्ड पराठे खा कर मजा आ जाता है। आलू, प्याज, गोभी, पनीर, मूली और भी कई चीजें हैं जिनकी फिलिंग भरकर टेस्टी पराठे बनाए जा सकते हैं। लेकिन हर बार वही सेम पराठे क्यों खाने? इस बार कुछ अलग हटकर ट्राई करें। आज हम आपके साथ राजस्थानी आलू प्याज के लच्छे पराठे की रेसिपी शेयर कर रहे हैं। ये इतना ज्यादा क्रिस्पी और टेस्टी बनता है और अंदर की चटपटी मसालेदार फिलिंग का तो पूछो ही मत। गरमा-गरम खा कर दिल खुश हो जाता है। बच्चों के टिफिन में देने के लिए भी ये एक अच्छा ऑप्शन है। तो चलिए फटाफट से राजस्थानी स्टाइल आलू प्याज पराठे की रेसिपी जान लेते हैं।
राजस्थानी आलू प्याज का पराठा बनाने के लिए सामग्री
आलू-प्याज की मसालेदार स्टफिंग वाला राजस्थानी लच्छा पराठा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- गेहूं का आटा, बारीक कटी हुई प्याज (2-3), चुटकीभर हींग, साबुत धनिया (1 चम्मच), सौंफ और जीरा (1 चम्मच), बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च, बेसन (2 बड़े चम्मच), नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, उबले हुए आलू (2), अमचूर पाउडर, चीनी (1/4 चम्मच), धनिया पत्ता, कलौंजी और देसी घी।
लच्छेदार आलू प्याज का पराठा बनाने की विधि
राजस्थानी आलू प्याज का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले प्याज को धो कर बारीक काट लें। अब एक पैन में थोड़ा सा देसी घी या तेल गर्म करें। इसमें चुटकी भर हींग डालें साथ ही कुछ कुटे हुए मसाले एड करें। इसके लिए आपको साबुत धनिया, जीरा और सौंफ को दरदरा कूटकर मसाला तैयार कर लेना है। इन्हें घी में एक मिनट के लिए भून लें।
इसके बाद घी में बारीक कटा हुआ अदरक और हरी मिर्च एड करें। बच्चों के लिए पराठे बना रहे हैं तो हरी मिर्च स्किप भी कर सकते हैं। इसके बाद बारीक कटी हुई प्याज एड करें और इन सभी को चलाते हुए 2 मिनट के लिए भून लें। प्याज का रंग बदलने लगे तो इसमें दो बड़े चम्मच बेसन एड करें। साथ ही कुछ बेसिक मसाले जैसे नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर एड करें।
इन मसालों को लगभग 2 मिनट के लिए अच्छी तरह पकने दें। अब इसमें उबले हुए आलू मैश कर के डालें। साथ ही अमचूर पाउडर और थोड़ी सी चीनी एड करें। इससे स्टफिंग का स्वाद बैलेंस हो जाता है। इन्हें थोड़ी देर के लिए कुक करें, फिर ऊपर से ताजा हरा धनिया पत्ता डालकर गैस ऑफ कर दें। पराठे की स्टफिंग बनकर तैयार है।
स्टफिंग भरकर ऐसे बनाएं लच्छा पराठा
सबसे पहले आटे की एक लोई बनाकर बेल लें। अब इसके ऊपर थोड़ा सा देसी घी लगाएं। ऊपर से पराठे की स्टफिंग डालकर पूरी रोटी पर अच्छी तरह फैला लें। फिर इसके ऊपर एक बेली हुई रोटी डालकर कवर करें। एक पिज्जा कटर या चाकू की मदद से पराठे को लंबा लंबा कट कर लें। फिर इन्हें रोल कर के एक लोई बना लें। ऊपर से धनिया पत्ता, कलौंजी और हरी मिर्च डालकर बेल लें और पराठे की शेप दें। अब गर्म तवे पर पराठे को दोनों साइड से घी लगाकर 5 मिनट के लिए सेंक लें।
सर्विंग टिप- गरमा-गरम लच्छा पराठा को टमाटर की चटनी, अचार, दही या रायते के साथ सर्व करें।