मुंगेर से भागलपुर अब सिर्फ 1 घंटे! ग्रीनफील्ड फोरलेन पर दौड़ने लगीं गाड़ियां, सफर हुआ आसान

Bhagalpur News: बिहार में मुंगेर से भागलपुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना के तहत मुंगेर से भागलपुर के बीच सड़क का एक हिस्सा शुक्रवार से यातायात के लिए खोल दिया गया है. फिलहाल इस मार्ग पर दो लेन से वाहनों की आवाजाही शुरू की गई है. इससे मुंगेर, बरियारपुर और भागलपुर के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों और व्यापारियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

अभी 2 लेन पर चलेगा ट्रैफिक

NHAI के परियोजना निदेशक मनीष कुमार के अनुसार, फिलहाल आवागमन के लिए दो लेन खोले गए हैं. रामनगर से बरियारपुर होते हुए भागलपुर तक वाहन फोरलेन के उपलब्ध दो लेन पर चलेंगे. वहीं कल्याणपुर टोल प्लाजा से भागलपुर तक वाहनों की आवाजाही फोरलेन सड़क पर होगी. इस सड़क के खुलने से मुंगेर और भागलपुर के बीच आने-जाने वाले वाहन चालकों को नया और बेहतर मार्ग मिलेगा. खासतौर पर रोजाना कारोबार या नौकरी के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों को इससे समय की बचत होने की उम्मीद है.

ये भी पढे़ं- जमुई कांड में 2 बेटियों की एंट्री, पीड़िता को न्याय दिलाने की कमान; कौन हैं IPS दीप्ति मोनाली और IAS चौधरी शिप्रा?

124 किलोमीटर लंबा है पूरा प्रोजेक्ट

मुंगेर से भागलपुर होते हुए झारखंड सीमा के मिर्जाचौकी तक करीब 124.41 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना बनाई जा रही है. इस परियोजना का निर्माण वर्ष 2022 में चार पैकेज में शुरू किया गया था. परियोजना की शुरुआती समय सीमा 2024 और 2025 में रखी गई थी, लेकिन अलग-अलग कारणों से काम तय समय पर पूरा नहीं हो सका. इसके बाद परियोजना को जून-जुलाई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था. हालांकि सितंबर 2026 तक पूरा कॉरिडोर अभी तैयार नहीं हुआ है. अब सड़क को एक साथ पूरी तरह खोलने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में यातायात के लिए शुरू किया जा रहा है.

Bhagalpur News (1)

24 सितंबर से एक हिस्सा खुला

जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर से मुंगेर के तेलिया तालाब से भागलपुर के बीच परियोजना के एक हिस्से को दो लेन में यातायात के लिए खोल दिया गया है. पूरे फोरलेन को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने का काम जारी है. वहीं पैकेज-1 में जानकीनगर से खड़िया तक करीब 22.56 किलोमीटर सड़क का काम लगभग 87 फीसदी पूरा बताया जा रहा है. इस हिस्से को 15 नवंबर 2026 तक चालू करने की तैयारी है.

चार पैकेज में हो रहा निर्माण

पूरी परियोजना को चार पैकेज में बांटा गया है. इन चारों पैकेजों की मूल स्वीकृत लागत करीब 3,792 करोड़ रुपए बताई गई थी. पैकेज-1 पर करीब 981 करोड़, पैकेज-2 पर 902 करोड़, पैकेज-3 पर 1,017 करोड़ और पैकेज-4 पर करीब 892 करोड़ रुपए की लागत से काम किया जा रहा है.

परियोजना पूरी होने के बाद मुंगेर से मिर्जाचौकी के बीच करीब 125 किलोमीटर का सफर आसान हो जाएगा. फिलहाल इस दूरी को तय करने में सामान्य तौर पर 4 से 5 घंटे तक लग जाते हैं. फोरलेन पूरी तरह चालू होने के बाद यह सफर करीब डेढ़ से दो घंटे में पूरा होने का अनुमान है.

मुंगेर-भागलपुर का सफर करीब एक घंटे में

मुंगेर से भागलपुर के बीच भी यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है. पूरी सड़क चालू होने के बाद दोनों शहरों के बीच का सफर करीब एक घंटे में पूरा होने की संभावना है. इससे यात्रियों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी फायदा मिल सकता है. फिलहाल परियोजना के अलग-अलग हिस्सों को चरणबद्ध तरीके से खोलने की रणनीति अपनाई जा रही है. मुंगेर से भागलपुर के बीच दो लेन शुरू होने के बाद अब लोगों को इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के अगले हिस्सों के खुलने का इंतजार है.

शिवम

शिवम

घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button