पिकअप से कूदकर जंगल में भागे सागौन तस्कर: वन अमले ने 10-12 KM तक पीछा किया, गाड़ी का नंबर बाइक का निकला, 18 कीमती लट्ठे जब्त - Khandwa News

खंडवा पुनासा वन परिक्षेत्र के तहत फिफरी के जंगल में सागौन की अवैध कटाई की सूचना पर पहुंचा वन अमला आरोपियों के वाहन का करीब 10 से 12 किलोमीटर तक पीछा करता रहा। आरोपियों ने जब देखा कि वन अमला पीछा नहीं छोड़ रहा है तो मोहना और टेमचा के बीच चलती पिकअप की

.

वन विभाग के अनुसार, जब्त सागौन की मात्रा 2.424 घनमीटर है, जिसकी कीमत एक लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची टीम

रेंजर रवि सेठ के अनुसार 29 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दक्षिण फिफरी बीट के जंगल में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। सूचना के बाद पुनासा वन परिक्षेत्र का अमला मौके पर पहुंचा और क्षेत्र की घेराबंदी की। इसी दौरान देर रात वनकर्मियों को एक पिकअप वाहन जंगल की ओर से आता दिखाई दिया।

वन अमले ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद वनकर्मियों ने मोटरसाइकिल और शासकीय वाहन से पिकअप का पीछा शुरू कर दिया।

10-12 किमी पीछा करने के बाद कूदे आरोपी

पिकअप ड्राइवर पुनासा-सनावद मार्ग पर वाहन को तेज गति से सनावद की ओर ले जाने लगा। वन अमला भी लगातार उसका पीछा करता रहा। करीब 10 से 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद मोहना और टेमचा के बीच आरोपियों ने पिकअप की गति धीमी की और चलती गाड़ी से कूदकर जंगल की ओर भाग निकले।

आरोपियों के कूदने के बाद ड्राइवर के नियंत्रण से वाहन बाहर हो गया और पिकअप सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली तो उसमें सागौन प्रजाति के 18 लट्ठे मिले।

वाहन से सागौन के 18 लट्ठे मिले है।

वाहन से सागौन के 18 लट्ठे मिले है।

पिकअप पर लगा था बाइक का नंबर

वन अमले के लिए मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। जब्त पिकअप वाहन पर एमपी-47 जेडए-2178 नंबर अंकित था। जांच में नंबर पिकअप का नहीं, बल्कि बाइक का निकला। वन विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि वाहन पर दूसरे वाहन का नंबर क्यों लगाया गया था और पिकअप का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर क्या है।

वन विभाग ने पिकअप और सागौन के सभी 18 लट्ठों को जब्त कर लिया है। जब्त लकड़ी की मात्रा 2.424 घनमीटर दर्ज की गई है।

आरोपियों की तलाश जारी

वन विभाग ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के लिए जांच की जा रही है। विभाग वाहन के वास्तविक मालिक और उस पर लगाए गए बाइक के नंबर की भी जानकारी जुटा रहा है। कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक रिछफल राजेश सोनारे, वनरक्षक सियाराम सिंह, पवन पलासिया, संदीप तिरोले और ननू लाल बारे शामिल रहे।