पांच माह से नए एलपीजी कनेक्शन बंद: छत्तीसगढ़ में दो लाख आवेदन लंबित; अब 10 किलो का सिलेंडर - Raipur News

रायपुर21 मिनट पहलेलेखक: अश्विनी पांडेय

  • कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ में 5 महीने से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन बंद हैं। इसके चलते गैस एजेंसियों में दो लाख से ज्यादा आवेदन लंबित हैं। अब सरकारी तेल कंपनियां एक-एक कर रायपुर में 10 किलो का प्रीमियम सिलेंडर लॉन्च कर रही हैं।

इंडेन लॉन्च कर चुकी है। 14 अगस्त को बीपीसीएल रायपुर में ये सिलेंडर लॉन्च करेगी। पुरानी व्यवस्था बहाल होने तक नए उपभोक्ताओं को यही सिलेंडर मिलेगा। प्रीमियम सिलेंडर का नया कनेक्शन करीब 5000 रुपए में मिल रहा है।

इसमें 2500 रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट और करीब 1200 रुपए जीएसटी, पाइप, रेगुलेटर व प्रशासनिक शुल्क शामिल हैं। दरअसल, इजराइल-ईरान युद्ध शुरू होने से एलपीजी की आपूर्ति बाधित हुई थी। इसके बाद शहरों में 25 और गांवों में 45 दिन बाद घरेलू सिलेंडर रिफिलिंग की व्यवस्था लागू की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नए कनेक्शन के लिए एजेंसियों पर पहुंचे, लेकिन कनेक्शन जारी होना बंद था।

आधा वजन, गैस का स्तर भी दिखेगा

  • कनेक्शन एजेंसी के अलावा कंपनी के एप से भी लिया जा सकेगा।
  • फाइबर से बना सिलेंडर पुराने लोहे के सिलेंडर के मुकाबले करीब आधा वजनी होगा।
  • बुकिंग के चार घंटे के भीतर डिलीवरी का दावा किया गया है।
  • सिलेंडर पारदर्शी होने से गैस का स्तर देखा जा सकेगा।
  • कंपनी के अनुसार फाइबर बॉडी के कारण यह ज्यादा सुरक्षित होगा।

प्रीमियम सिलेंडर आने से गैस की किल्लत दूर होगी। यह हल्का है और चार घंटे में इसकी डिलीवरी की जाएगी। इसके लॉन्च होते ही नए कनेक्शन शुरू हो जाएंगे। पुराने उपभोक्ता भी समय रहते केवाईसी करा लें, अन्यथा कनेक्शन ब्लॉक हो सकता है।’ -मुरारी गौर, प्रदेशाध्यक्ष, बीपीसीएल डिस्ट्रीब्यूटर संघ

घरेलू सिलेंडर से 2 गुना से भी महंगी गैस:

14.5 किलो के घरेलू सिलेंडर का नया कनेक्शन करीब 4000 रुपए और रिफिल 1024 रुपए में मिलता है। वहीं, 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की रिफिलिंग करीब 2760 रुपए है। इस हिसाब से घरेलू सिलेंडर की गैस करीब 71 रुपए, कमर्शियल की 146 रुपए, प्रीमियम सिलेंडर की 166 रुपए किलो तक पड़ेगी। घरेलू कनेक्शन पर करीब 61 रुपए सब्सिडी मिलती है, जबकि प्रीमियम सिलेंडर पर नहीं मिलेगी।

15 अगस्त तक केवाईसी नहीं तो कनेक्शन होगा ब्लॉक:

प्रदेश में 63.3 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। सभी के लिए 15 अगस्त तक केवाईसी अनिवार्य है, वर्ना कनेक्शन ब्लॉक किया जा सकता है। एजेंसियों के मुताबिक हजारों कनेक्शन ऐसे लोगों के नाम पर हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। परिवार ने इन्हें अपने नाम ट्रांसफर नहीं कराया है। ऐसे मामलों में मृत्यु प्रमाणपत्र सहित संबंधित एजेंसी में आवेदन करना होगा।

ऐसे करा सकते हैं केवाईसी

  • केवाईसी लंबित होने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर सूचना भेजी गई है।
  • आधार कार्ड और गैस कार्ड लेकर एजेंसी जाएं। थंब इंप्रेशन से केवाईसी अपडेट हो जाएगी।
  • तेल कंपनी के मोबाइल एप या ‘हेलो बीपीसीएल’ एप से घर बैठे भी केवाईसी की जा सकती है।

.