पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: भूत-प्रेत बता ग्रंथी संत के पास पहुंचा; युवती का मौत से पहले का वीडियो सामने आया; पुलिस बोली- पुरुष, वह महिला निकली - Jalandhar News
.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर बिजली की बढ़ती समस्या है। कोयले की कमी के कारण बिजली बनाने वाले कई प्लांटों की यूनिटें बंद हो गई हैं। इससे लोगों को बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही। जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया में तो 10 से 11 घंटे के लंबे कट लग रहे हैं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. बिजली संकट बढ़ा, 10-11 घंटे के कट लग रहे

पंजाब में बिजली संकट और गहरा गया है। शुक्रवार को बिजली की मांग रिकॉर्ड 16,619 मेगावाट तक पहुंच गई। प्राइवेट थर्मल प्लांट तलवंडी साबो में 7 दिन और राजपुरा थर्मल प्लांट में 3 दिन का कोयला बचा है। इसी बीच राजपुरा थर्मल प्लांट की 700 मेगावाट की यूनिट नंबर-1 तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। इससे पहले प्लांट की 700 मेगावाट की यूनिट नंबर-2 भी बंद है।
थर्मल और हाइडल यूनिटों के बंद होने से राज्य में कुल 1,915 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। बिजली संकट के कारण उद्योगों में करीब सवा 4 घंटे, जिला मुख्यालयों पर 3 से 4 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 1 घंटे के कट लगाने पड़े। कृषि क्षेत्र को भी केवल 5 से 6 घंटे बिजली मिल सकी।
इधर, जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया में 10 से 11 घंटे के लंबे बिजली कट से परेशान लोगों ने देर रात करीब साढ़े 11 बजे सोढल चौक पर जाम लगा दिया। लोगों ने सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के खिलाफ नारेबाजी की। (पढ़ें पूरी खबर)
2. प्रभारी बन पहली बार पंजाब आएंगे सचिन पायलट

कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट 15 सितंबर को पंजाब आएंगे। उस दिन पंजाब कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करेगी। इसमें प्रदेश प्रभारी सहित सभी बड़े नेता धरने में शामिल होंगे। आत्महत्या कर चुके मजदूर गुलजार सिंह को इंसाफ दिलाने के लिए मार्च करेंगे। इसके अलावा मंत्री हरपाल चीमा के आवास का घेराव किया जाएगा।
नए प्रभारी सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के कयासों पर विराम लगा दिया है। जयपुर में पंजाब के नेताओं को पायलट ने साफ संदेश दिया कि पंजाब में कोई नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा। चन्नी गुट की ओर से अप्रत्यक्ष तौर पर हाईकमान पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था कि राजा वड़िंग को हटाया जाए और चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया जाए।
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सचिन पायलट ने साफ कहा- जहां कांग्रेस की सरकार नहीं होती, वहां पार्टी मिलकर चुनाव लड़ती है और कोई मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया जाता। पंजाब में भी पार्टी विपक्ष में है, इसलिए पूरा नेतृत्व मिलकर चुनाव लड़ेगा। बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री का फैसला होगा। (पढ़ें पूरी खबर)
3. इन्फ्लुएंसर की मौत से पहले का VIDEO सामने आया

पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर का मौत से पहले का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उस समय का बताया जा रहा है, जब वह जलाने के बाद गंभीर हालत में चंडीगढ़ PGI में भर्ती थी। मनजीत कौर ने वीडियो में कहा- सत श्री अकाल, मैं आपकी मनजीत कौर, आप सब जानते हो मैं डेढ़ महीने से यहां पड़ी हूं। मैं बड़ी तकलीफ में हूं। मुझे शुभी, नेहा और दो लड़के, शुभी के साथ इन्होंने मोरिंडा जाकर आग लगाई, जिनके कारण मैं यहां पर हूं। उन्हें मत छोड़ना। उन्होंने मुझे ले जाकर आग लगा दी।
मनजीत कौर को चंडीगढ़ से किडनैप किया गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर रोपड़ में जला दिया गया। उस वक्त मनजीत कौर 3 महीने की प्रेग्नेंट थी। वह करीब 2 महीने तक अस्पताल में भर्ती रही थी, जिसके बाद उसकी मौत हुई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)
4. ASI के सिर में गोली मारी, खुद बाइक चलाकर थाने पहुंचे

अमृतसर में एक व्यक्ति ने ASI पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उनके सिर में लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद ASI ने हिम्मत नहीं हारी और खुद बाइक चलाकर थाना अजनाला पहुंच गए। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल, यह पता नहीं चल पाया है कि ASI पर फायरिंग करने वाला कौन था। जानकारी के अनुसार, ASI जसवंत सिंह अमृतसर पुलिस लाइन में ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक पर अजनाला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान भल्ला पिंड गांव के पास एक व्यक्ति ने उन पर फायरिंग हुई। (पढ़ें पूरी खबर)
5. 5वीं का छात्र सस्पेंड, टीचर बोला- स्कूल में शराब लाता है

गुरदासपुर के एक प्राइवेट स्कूल में 5वीं के छात्र पर पानी की बोतल में शराब लाने का आरोप लगाकर उसे स्कूल से सस्पेंड कर दिया। बच्चे की मां का आरोप है कि स्कूल में कोऑर्डिनेटर ने बेटे से पूछताछ के दौरान उसे थप्पड़ मारा, कान खींचे और डराया-धमकाया। मां के मुताबिक, बच्चे को 4 पीरियड तक बंधक बनाए रखा।
बाद में प्रिंसिपल के पास ले जाकर शराब लाने का आरोप लगाया। जबकि, घर में शराब का कोई माहौल नहीं है और बच्चे को शराब के बारे में भी जानकारी नहीं है। परिवार ने इसकी शिकायत 11 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से की है। हालांकि, अभी इस मामले में स्कूल प्रबंधन का कोई बयान सामने नहीं आया है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. महिला को बंदरों ने नोचा, पैर पर 3 जगह काटा

चंडीगढ़ में इन दिनों बंदरों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सेक्टर-22B में शनिवार को बंदर ने एक महिला को बुरी तरह नोचकर घायल कर दिया। बंदर ने उनके पैर पर 3 जगह काटा, जिसके बाद उसे इंजेक्शन लगवाने पड़े।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर में अब तक 4 लोगों को बंदर काट चुके हैं। बंदर घरों, छतों और गलियों में घूम रहे हैं। स्थिति यह है कि परिवार बच्चों और बुजुर्गों को अकेले घर से बाहर भेजने से भी डर रहे हैं।
बंदरों से बचने के लिए छतों पर लोग लंगूर के कटआउट लगा रहे हैं। उनका कहना है कि हम जैसे ही खाने-पीने की चीजें लेकर घर से निकलते हैं, बंदर हमारे पीछे पड़ जाते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
7. पुलिस थाने पर RPG अटैक के आरोपी की हत्या

तरनतारन के नौशहरा पन्नूआं गांव में सरहाली थाने पर RPG हमले के आरोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह गांव में अपने घर के बाहर टहल रहा था, तभी बाइक पर आए दो हमलावरों ने उसे ताबड़तोड़ 4 गोलियां मार दीं।
वारदात शुक्रवार देर रात की है। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अजमीत सिंह के नाम से हुई, जो गैंगस्टर लखबीर सिंह हरिके का गुर्गा था। RPG हमले के मामले में बठिंडा जेल में बंद था और इसी साल अप्रैल में जमानत पर बाहर आया था। हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर डोनी बल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. यूरोप से भारत लाया गया गैंगस्टर, कई मामलों में वांटेड

अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से पंजाब पुलिस ने मोल्दोवा गणराज्य से अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम का प्रत्यर्पण करा लिया है। अमृतपाल सिंह जग्गू भगवानपुरिया गैंग का मुख्य गुर्गा है।
वह पंजाब में हत्या, हत्या के प्रयास, UAPA, आर्म्स एक्ट और नशीले पदार्थों से जुड़े कई गंभीर मामलों में वांटेड था। पंजाब के DGP गौरव यादव ने दावा किया कि यह पंजाब पुलिस के इतिहास में पहला मौका है, जब किसी यूरोपीय देश से बड़े भगोड़े अपराधी का प्रत्यर्पण सफल रहा। (पढ़ें पूरी खबर)
9. ग्रंथी के संत रामपाल के सामने नतमस्तक होने पर बवाल

हरियाणा के विवादित संत रामपाल के डेरे में गुरुद्वारे के ग्रंथी के परिवार सहित माथा टेकने पर विवाद हो गया है। फरीदकोट से अकाली दल- वारिस पंजाब दे संगठन ने इसका कड़ा विरोध जताया है। संगठन से जुड़े गुरसेवक सिंह ने ग्रंथी को एक हफ्ते के अंदर श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होकर माफी मांगने के लिए कहा है।
गुरसेवक ने कहा कि अगर एक हफ्ते में माफी नहीं मांगी तो वह हरियाणा आकर उसका इलाज करेंगे। उन्होंने कहा कि एक ग्रंथी का डेरे में जाकर भूत-प्रेत का इलाज करवाना सिख समाज का मजाक उड़ाता है। गुरसेवक ने कहा कि गुरुओं ने जिन चीजों से बाहर निकाला, आज सिख उन्हीं भ्रमों में फंस रहे हैं। ग्रंथी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह परिवार सहित रामपाल के सामने नतमस्तक होते दिख रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. सिर कटी लाश पुरुष की बताई, पोस्टमॉर्टम में महिला निकली

फाजिल्का के अबोहर में पुलिस की एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। करीब 9 दिन पहले हनुमानगढ़ रोड के पास नहर से बरामद हुए एक सिर कटे अज्ञात शव को पुलिस लगातार पुरुष का बताती रही। घटना के 8 दिन बीत जाने के बाद भी शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया।
नौवें दिन जब फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमॉर्टम हुआ, तो खुलासा हुआ कि शव किसी पुरुष का नहीं, बल्कि महिला का था। जानकारी के अनुसार, करीब 9 दिन पहले नहर से बुरी तरह गला-सड़ा अज्ञात शव मिला था, जिसने काले रंग की पैंट पहनी हुई थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसका सिर, दोनों पैर और हाथ कटे हुए थे। उसकी पहचान नहीं हो पाई। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)