चोरी के जेवर छुपाती-बिकवाती थी महिला, गिरफ्तार: 10 हजार में करती थी डील; 600 किमी दूर आकर करते थे चोरी, अब तक चार गिरफ्तार - Barmer News
बाड़मेर में चोरी करने वाली गैंग का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 600 किलोमीटर दूर ट्रेन से बाड़मेर आते, चोरी की वारदात कर उसी ट्रेन से वापस लौट जाते थे। चोरी के सोने-चांदी के जेवर श्रीगंगानगर में रहने वाली एक महिला के पास
.

पुलिस श्रीगंगानगर से महिला आरोपी को पकड़कर लाई कोर्ट में पेश किया। वहां से जेल भेज दिया।
पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम
• 19 जून को दर्ज हुआ था चोरी का मामला: पुलिस के अनुसार शास्त्री नगर निवासी किशोर कुमार जटिया ने 19 जून को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 जून की रात उनके शास्त्री नगर स्थित मकान के ताले तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए थे। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच शुरू की।
• तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुए कई खुलासे: पुलिस ने 16 जुलाई को चोरी की गैंग का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन जनों को गिरफ्तार किया था। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस टीमों को श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ भेजा गया।
हनुमानगढ़ डीएसटी की मदद से गिरोह के सरगना सुभाष उर्फ शास्त्री उर्फ भगतजी पुत्र ओमप्रकाश निवासी नई आबादी, घड़साना (श्रीगंगानगर), सज्जन कुमार पुत्र हसराज निवासी अमरपुरा (फाजिल्का, पंजाब) और रवि कुमार पुत्र दौलतराम निवासी सुरेशिया (हनुमानगढ़) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब 600 किलोमीटर दूर से ट्रेन से बाड़मेर आते, चोरी की वारदात करते और उसी ट्रेन से वापस लौट जाते थे। आरोपियों ने एक साथ 12 चोरी की वारदातें करना भी कबूल किया।

मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को पहले पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार।
• 10-10 हजार रुपए लेकर महिला चोरी के जेवर छिपाती और बिकवाती थी: एएसआई पदमपुरी ने बताया - तीनों आरोपियों से पूछताछ में श्रीगंगानगर में रहने वाली मंजू पत्नी पवन कुमार सोनी निवासी बंदरखेड़ा (पंजाब), जो फिलहाल श्रीगंगानगर में रहती है, का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपी अलग-अलग जिलों में चोरी करने के बाद सोना-चांदी के जेवर महिला के पास लेकर आते थे। महिला चोरी का माल छिपाने और आगे बेचने में सहयोग करती थी। इसके बदले उसे हर बार 10-10 हजार रुपए दिए जाते थे।
• महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, भेजा जेल: पुलिस ने महिला के खिलाफ अपराध प्रमाणित होने पर उसे श्रीगंगानगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने भी स्वीकार किया कि चोरी के जेवर छिपाने और बिकवाने में मदद करने के बदले उसे 10 हजार रुपए मिलते थे। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
• अब तक चार आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच जारी: पुलिस के अनुसार जांच में एक बड़े चोरी गिरोह का खुलासा हुआ है, जो अलग-अलग जिलों में चोरी कर श्रीगंगानगर में चोरी का सोना-चांदी बेचता था। अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के माल के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
---
इससे जुड़ी खबर पढ़ें…
ट्रेन से आकर चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार:600 किलोमीटर दूर से आते थे चोर, 12 वारदातें करना कबूला

बाड़मेर पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पढ़े पूरी खबर