10वीं पास से लेकर ग्रेजुएट्स तक के लिए मौका! 70 सरकारी पदों पर निकली भर्ती, कौन कर सकता है अप्लाई?

Time Published: Sunday, September 27, 2026, 14:14 [IST]

PSSSB Recruitment 2026: पंजाब में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती का नया मौका आया है। पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) ने अलग-अलग विभागों में क्लर्क, ड्राइवर, ट्रांसलेटर और फील्ड आर्टिस्ट के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के जरिए कुल 70 पद भरे जाएंगे। इनमें महिला उम्मीदवारों के लिए 28 पद आरक्षित हैं।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। योग्य उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट sssb.punjab.gov.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने और फीस भरने की आखिरी तारीख 19 अक्टूबर 2026 है। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग रखी गई है। ऐसे में आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी योग्यता और पद से जुड़ी शर्तें जरूर देख लेनी चाहिए।

PSSSB Recruitment 2026

70 पदों पर होगी भर्ती

PSSSB की इस भर्ती में कुल 70 पद शामिल हैं। पदों का विवरण इस तरह है:

  • ड्राइवर: 3 पद
  • क्लर्क (लीगल): 11 पद
  • क्लर्क (अकाउंट्स): 34 पद
  • क्लर्क (आईटी): 12 पद
  • ट्रांसलेटर: 6 पद
  • फील्ड आर्टिस्ट: 1 पद

कुल 70 पदों में से 28 पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।

ये भी पढ़ें: UPSSSC PET परीक्षा की तारीखों में बड़ा बदलाव! आयोग ने जारी की नई डेट शीट, अब कब होगा एग्जाम?

कब से कब तक कर सकते हैं आवेदन?

PSSSB भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 सितंबर 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक उम्मीदवार 19 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इसी तारीख तक आवेदन शुल्क जमा करना भी जरूरी है। उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए। आखिरी दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने की वजह से सर्वर से जुड़ी परेशानी हो सकती है।

किस पद के लिए क्या योग्यता?

अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग है। ड्राइवर: उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ वैलिड LMV/HMV ड्राइविंग लाइसेंस और ड्राइविंग का अनुभव भी मांगा गया है।

क्लर्क (लीगल/अकाउंट्स/आईटी): लीगल क्लर्क के लिए लॉ में ग्रेजुएशन, अकाउंट्स क्लर्क के लिए बी.कॉम और आईटी क्लर्क के लिए आईटी, कंप्यूटर साइंस या बीसीए में ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है।

ट्रांसलेटर: पंजाबी, अंग्रेजी या हिंदी में से संबंधित भाषा को मुख्य विषय के रूप में लेकर ग्रेजुएशन किया होना चाहिए।

फील्ड आर्टिस्ट: फाइन आर्ट्स, कमर्शियल आर्ट या ग्राफिक डिजाइन में डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए।

उम्र कितनी होनी चाहिए?

इन पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 37 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। पंजाब के आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

लिखित परीक्षा से होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन ऑब्जेक्टिव टाइप लिखित परीक्षा यानी MCQ टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। क्लर्क पदों के लिए लिखित परीक्षा के अलावा टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा। क्लर्क पद के उम्मीदवारों को पंजाबी और अंग्रेजी भाषा में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड हासिल करनी होगी।

कितना देना होगा आवेदन शुल्क?

PSSSB भर्ती में अलग-अलग श्रेणियों के लिए आवेदन शुल्क तय किया गया है।

  • सामान्य वर्ग: 1,000 रुपये
  • पंजाब SC/BC/EWS: 250 रुपये
  • पूर्व सैनिक: 200 रुपये
  • दिव्यांग उम्मीदवार: 500 रुपये

उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन के दौरान निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।

19 अक्टूबर तक करें आवेदन

योग्य उम्मीदवार PSSSB की आधिकारिक वेबसाइट sssb.punjab.gov.in पर जाकर 19 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को भर्ती का ऑफिशियल नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ना चाहिए, क्योंकि पद के अनुसार योग्यता और अन्य शर्तें अलग हैं।

ये भी पढ़ें: न कोचिंग, न फुल-टाइम पढ़ाई! एयरफोर्स की स्क्वाड्रन लीडर ने NEET PG में गाड़ा झंडा, 8 नंबर से छुट्टा AIR 1