पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: हेड कॉन्स्टेबल की बेटे ने की हत्या; मेले में फैला करंट, 2 मरे; कुत्ते ने दौड़ाए हमलावर; कैप्टन बोले–BJP में कुछ नहीं मिला - Jalandhar News
.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर हेड कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या से जुड़ी रही। उसकी लाश घर के अंदर बेड पर पड़ी मिली। पुलिस ने बयान बदलने के बाद बेटा को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. हेड कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या, बयान बदलने के बाद बेटा गिरफ्तार

चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में हेड कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेड कॉन्स्टेबल के सिर में गोली लगी मिली। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो नितिन घायल हालत में बेड पर लेटे मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है। शुरुआती पूछताछ में नितिन के बेटे अरमान ने किसी दूसरे व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। इसके साथ हत्या के दौरान उसने शोर भी नहीं मचाया।
पूछताछ के दौरान उसके बयान में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। नितिन की पत्नी मोनिका भी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात है। वारदात के दौरान बेटा और वह घर पर मौजूद थे। नितिन और मोनिका का सिर्फ एक ही बेटा है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. कैप्टन बोले– BJP में आकर कुछ नहीं मिला, अमृतपाल को रिहा करना चाहिए

पंजाब के पूर्व CM व सीनियर BJP नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें भाजपा में आए 4 साल हो गए, लेकिन इस पार्टी में आकर उन्हें कुछ नहीं मिला। भाजपा को पंजाब समझ में नहीं आता, इसी वजह से उनसे इस अर्से में कभी कोई राय नहीं ली गई। कैप्टन ने सांसद अमृतपाल की रिहाई की वकालत करते हुए कहा कि जेल में होने से लोकप्रियता और बढ़ती है।
उन्होंने CM भगवंत मान को लेकर कहा कि वह मुख्यमंत्री की बजाय एक्टर नजर आते हैं। कैप्टन ने फिर से मुख्यमंत्री बनने को लेकर भी इनकार नहीं किया। कैप्टन ने ये भी कहा कि राहुल गांधी भी प्रधानमंत्री बन सकते हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस की सरकार में 2 बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
हालांकि 2021 में कांग्रेस ने उन्हें CM पद से हटा दिया। इसके बाद उन्होंने पहले अपनी पार्टी बनाई, फिर उसका BJP में विलय कर दिया। कैप्टन ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में खुलकर अपनी राय रखी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने पानी की बौछारें मारीं

चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सेक्टर-17 स्थित आरबीआई ऑफिस से चुनाव आयोग कार्यालय तक कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालने की कोशिश की।
लेकिन आधे रास्ते में ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। जिसके बाद उनकी पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की भी हुई। जब कांग्रेस कार्यकर्ता इसके बाद भी नहीं रुके तो पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें मारीं। कार्यकर्ता चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाने की कोशिश में थे।
पार्टी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग की अगुआई में प्रोटेस्ट कर रही थी। जब पुलिस उन्हें हिरासत में लेने लगी तो वड़िंग बस पर चढ़ गए। हालांकि, प्रदर्शन में सचिन पायलट नहीं आए और चन्नी भी गैरहाजिर रहे। (पढ़ें पूरी खबर)
4. 100KM स्पीड में कार ने 5 लोग उड़ाए, VIDEO सामने आया

लुधियाना में तेज रफ्तार टियागो EV कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोग बुरी तरह घायल हो गए। कार इतनी तेज थी कि बाइक सवार टक्कर के बाद करीब 15 फीट हवा में उछलकर 3 गुलाटियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर सड़क पर गिरा।
इसके बाद बेकाबू कार आगे से आ रहे 2 ई-रिक्शा और एक्टिवा को भी टक्कर मारती है। ई-रिक्शा पूरी तरह पलट जाता है। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि बेकाबू कार जो सामने आता है उसे रौंदती जाती है।
चश्मदीद के अनुसार, कार कम से कम 100KM प्रति घंटे की स्पीड में थी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचती है और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया जाता है। पुलिस ने कार ड्राइवर को भी पकड़ लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. सांसद अमृतपाल 2 सीटों से चुनाव लड़ेंगे

असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल 2027 में पंजाब की 2 सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उनकी पार्टी अकाली दल-वारिस पंजाब दे की तरफ से इसे फाइनल कर लिया गया है।
इसकी पुष्टि करते हुए अकाली दल-वारिस पंजाब दे के सीनियर नेता मनप्रीत अयाली ने कहा कि अमृतपाल किन 2 सीटों से चुनाव लड़ेंगे, ये पार्टी का पार्लियामेंट्री बोर्ड डिसाइड करेगा।
इतना जरूर है कि वह 2 सीटों से ही लड़ेंगे। अयाली ने कहा कि अमृतपाल CM भगवंत मान के खिलाफ धूरी से भी लड़ सकते हैं, लेकिन अभी फाइनल नहीं है। अमृतपाल अभी माझा इलाके की खडूर साहिब संसदीय सीट से सांसद हैं। उन्होंने जेल में रहते ही रिकॉर्ड वोटों से चुनाव जीता था। पार्टी पहले ही उन्हें CM चेहरा घोषित कर चुकी है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. सुनाम मेले में फैला करंट, 2 लोगों की मौत, 3 गंभीर

संगरूर के सुनाम में पीर बाबा जुड़वा शाह मेले में अचानक करंट फैलने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोल-गप्पे और खाने-पीने के स्टॉलों के पास हुआ। करंट लोहे के ढांचे या स्टॉल में उतरने से लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मेले में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सुनाम सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा परिवार के साथ चंडीगढ़ से सीधे सुनाम सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। (पढ़ें पूरी खबर)
7. ED बोली- पंजाब के फैसले दिल्ली के पूर्व मंत्री ने लिए

पंजाब और चंडीगढ़ में ED की रेड के बाद खुलासा हुआ। ED ने दावा किया कि AAP नेता सत्येंद्र जैन और प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया GMADA अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठकें करते थे। इतना ही नहीं सत्येंद्र जैन के निर्देश पर नीलामी, अधिग्रहण व मुआवजे से जुड़े फैसले लिए जाते थे।
एजेंसी ने कुछ मोबाइल फोन से पंजाब सरकार के नेताओं के रिश्तेदारों को कथित हवाला भुगतान से जुड़ी चैट मिलने का भी दावा किया है। हालांकि, AAP ने इसका खंडन किया है। ED ने आरोप लगाया कि GMADA की जमीन की रिजर्व कीमत नीलामी से पहले कथित तौर पर कम की गई, जिससे पंजाब सरकार और GMADA को करीब 10 हजार करोड़ रुपए का अनुमानित नुकसान हुआ।
ED के मुताबिक, जांच CBI की FIR के आधार पर शुरू हुई थी। इसमें तिरुपति इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के प्रमोटरों से जुड़े 238 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड का आरोप है। एजेंसी ने सर्च से पहले की जांच में बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन, फर्जी शेयर प्रीमियम और अन्य वित्तीय अनियमितताएं मिलने का दावा किया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. टिप्पर की टक्कर से कार के परखच्चे उड़े, युवक की मौत

मोगा में गांव घल्ल कलां के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार टिप्पर और स्विफ्ट कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। वह फरीदकोट का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
हादसे के कारण मोगा-फिरोजपुर हाईवे पर कुछ समय यातायात बाधित रहा। पुलिस ने वाहनों को साइड करवाकर रास्ता खुलवाया। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. महिला के 6 बेटों की नशे से मौत, ढिल्लों बोले- AAP सरकार जिम्मेदार

लुधियाना में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने नशा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल भी मौजूद रहे। ढिल्लों ने परिवारों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जगराओं की रहने वाली शिंदो माई से भी बातचीत की, जिनके 6 बेटों की नशे के कारण मौत हो चुकी है।
ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार नशा तस्करी रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में जो नशा आ रहा है, वह बद्दी से आ रहा है, जहां कांग्रेस की सरकार है। उनसे सवाल किया कि भाजपा ने साढ़े 4 साल पहले नशे के मुद्दे पर क्यों नहीं बोला। इस पर ढिल्लों ने कहा कि चुनाव में अब 6 महीने बचे हैं, इसलिए भाजपा राजनीति नहीं, बल्कि लोगों के असल मुद्दे उठा रही है।
उन्होंने कहा कि नशे के कारण जिन माताओं ने अपने जवान बेटों को खोया है, उनका दर्द सहना मुश्किल है। ढिल्लों ने आरोप लगाया कि नशे से हुई इन मौतों के लिए आप सरकार जिम्मेदार है और जनता उसे जवाब देगी। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. कुत्ते ने बचाई युवक की जान, हमलावरों को खदेड़ा

जालंधर के गढ़ा स्थित वाल्मीकि मोहल्ले में गुरुवार को कुछ युवक एक युवक को गली में घेरकर पीट रहे थे। उसे लात-घूंसों से पीटने के बाद एक हमलावर हाथ में कृपाण लेकर आया और उस पर हमला करने लगा। युवक मुश्किल में था, तभी पास मौजूद एक कुत्ता अचानक हमलावर पर झपट पड़ा।
कुत्ते ने हमलावर को इस तरह उलझाया कि उसे पीछे हटना पड़ा। इसी बीच युवक को वहां से निकलने का मौका मिल गया। इस तरह हमला कर रहे युवकों के बीच अचानक पहुंचे कुत्ते ने युवक की जान बचा दी। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)