बिहार में पटना-गया रेलखंड पर बाढ़ का कहर, 10 MEMU ट्रेनें रद्द, कई एक्सप्रेस गाड़ियों के बदले रूट
पटना। लगातार भारी बारिश के बाद बिहार में पुनपुन नदी के विकराल रूप ने भारतीय रेलवे पर रोक लगा दिया है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार करते हुए पटना-गया रेलखंड के पुल संख्या-21 के गार्डर तक पहुंच गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक पूरी तरह निलंबित कर दिया है। इस आपातकालीन स्थिति के कारण 10 मेमू (MEMU) पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं।
पढ़ें :- हवा में 300 फीट नीचे आया एयर इंडिया का विमान, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में 10 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायलयात्रियों की बढ़ी मुसीबत
आपको बता दें कि रेलवे प्रशासन ने ट्रैक पर पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए पटना और गया के बीच चलने वाली अधिकांश लोकल पैसेंजर सेवाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। रद्द की गई ट्रेनों में मुख्य रूप से पटना-गया और गया-पटना मेमू पैसेंजर (ट्रेन नंबर: 63242, 63244, 63245, 63247, 63248, 63251, 63256, 63274, 63250 और 63253) शामिल है। इसके अलावा पटना से राजगीर रूट पर चलने वाली कुछ मेमू पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन को भी बंद किया गया है।
बदले गए रूट
पटना-गया मुख्य मार्ग प्रभावित होने के कारण कई एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक रूटों से गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। पूर्णिया कोर्ट हटिया एक्सप्रेस को पटना-गया रूट के बदले अब बख्तियारपुर और किऊल होकर चलाया जा रहा है। धनबाद-पटना एक्सप्रेस को बंधुआ, तिलैया, इस्लामपुर और फतुहा के रास्ते पटना लाया जा रहा है। बनारस – राजगीर एक्सप्रेस को डीडीयू (DDU), बक्सर और आरा के रास्ते पटना की तरफ डायवर्ट किया गया है।
पढ़ें :- आग लगने की अफवाह बनी मौत का कारण, ट्रेन से उतरकर भागे यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आए: 4 की मौतसिंगल लाइन से परिचालन, रेलवे ने बनाया कंट्रोल रूम
डाउन ट्रैक बंद होने के चलते फिलहाल केवल अप (UP) लाइन के सहारे ही ट्रेनों को निकाला जा रहा है। पुल पर पानी के दबाव को देखते हुए ट्रेनों की गति बेहद धीमी कर दी गई है, जिससे इस रूट की लगभग सभी ट्रेनें अपने तय समय से काफी देरी से चल रही हैं। दानापुर रेल मंडल के अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति पर नजर रखने के लिए एक विशेष कंट्रोल वॉर रूम एक्टिव किया गया है। रेलवे की इंजीनियरिंग टीम पुल संख्या-21 और पुनपुन नदी के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी कर रही है। साथ ही अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर में कमी आने और तकनीकी टीम से ‘सर्टिफिकेट ऑफ सेफ्टी’ मिलने के बाद ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो सकेगा। इसके अलावा यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन आने से पहले रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर अपनी ट्रेन की लाइव स्थिति जरूर जांच लें।