रायगढ़ में किराना दुकान से चोरी; आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने 100 CCTV खंगाले, चोर राजनांदगांव के चिचोला से पकड़ाया, 6.30 लाख का सामान बरामद - Raigarh News

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक ही रात दो किराना दुकानों में चोरी की घटना सामने आई। चोर दुकानों का छप्पर तोड़कर अंदर घुसे और कैश के साथ चांदी के सिक्के और बिस्किट चोरी कर फरार हो गए। चोरी की कुल कीमत लाखों रुपए बताई गई है।

.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे राजनांदगांव के चिचोला के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 6 लाख 30 हजार 286 रुपए की संपत्ति बरामद की है। मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह पूरी घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, 23-24 अगस्त की दरम्यानी रात घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान में चोरी हुई। चोर दुकान की छत पर लगी टीन शीट और दीवार के बीच बनी जगह से फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर दाखिल हुआ।

चोर ने दुकान के गल्ले में रखे करीब 4 लाख रुपए नकद और चांदी के सिक्के व बिस्किट चोरी कर लिए।

इसके बाद चोर ने पास की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान को भी निशाना बनाया। यहां भी उसने टीन शीट और दीवार के बीच की जगह से फॉल सीलिंग तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। चोर गल्ले में रखे करीब 90 हजार रुपए नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गया।

एक ही रात में दो दुकानों में चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी के पास से कैश और चांदी के सिक्के, बिस्किट बरामद किए गए

आरोपी के पास से कैश और चांदी के सिक्के, बिस्किट बरामद किए गए

100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिख रहे संदिग्ध के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह के संतोष चौहान (32) के रूप में हुई।

घटना के बाद घर से फरार था आरोपी

पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने घटना के बाद उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी ने चोरी के पैसों से लैलूंगा की तमन्ना मोबाइल दुकान से नया मोबाइल खरीदा था।

पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की तलाश जारी रखी। इसी दौरान उसकी लोकेशन नागपुर में मिली। इसके बाद रायगढ़ पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में तुरंत नागपुर रवाना हो गई।

चिचोला बस स्टैंड के पास पकड़ा गया आरोपी

पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी नागपुर से भी भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर घरघोड़ा थाना लाई। पूछताछ में आरोपी ने जयस्तंभ चौक स्थित दोनों किराना दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया।

बारिश का फायदा उठाकर की चोरी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दोनों दुकानों में अक्सर सामान खरीदने जाता था। 23 अगस्त की रात तेज बारिश हो रही थी। उसने इसी का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई।

आरोपी पहले संतोष किराना दुकान की छत पर चढ़ा। इसके बाद टीन शीट के किनारे से फॉल सीलिंग तोड़कर दुकान के अंदर घुस गया। CCTV कैमरे में चेहरा पहचान में न आए, इसके लिए उसने चेहरे पर गमछा बांध रखा था।

चोरी के पैसों से खरीदा नया मोबाइल

आरोपी ने दुकान के गल्ले से अलग-अलग नोट, चांदी के सिक्के और चांदी का बिस्किट चोरी किया। इसके बाद उसने पास की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी फॉल सीलिंग तोड़कर प्रवेश किया। यहां से उसने नकद रुपए, चिल्हर सिक्के, हल्दी, मसाले, साबुन, काजू, बादाम और अन्य सामान की चोरी की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के पैसों से उसने लैलूंगा की तमन्ना मोबाइल दुकान से 19 हजार 300 रुपए में सैमसंग कंपनी का नया मोबाइल खरीदा।

इसके अलावा चोरी की रकम में से करीब 25 हजार रुपए घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च करने की बात भी आरोपी ने पुलिस को बताई।

6.30 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से दोनों दुकानों से चोरी की गई 2 लाख 64 हजार 146 रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 1 किलो 508 ग्राम चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 46 हजार 840 रुपए है, भी मिली है।

पुलिस ने आरोपी के पास से सैमसंग कंपनी का एंड्रॉएड मोबाइल और सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछा भी बरामद किया है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 30 हजार 286 रुपए है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध करने के बाद आरोपी कहीं भी भाग जाए, पुलिस की तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयास से वह बच नहीं सकता।

घरघोड़ा चोरी के मामले में पुलिस टीम ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने नागपुर से राजनांदगांव तक आरोपी का पीछा किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति भी बरामद कर ली है।