दिल्ली की हरियाली बचाने की कवायद! 1000 एकड़ जमीन को रिजर्व फॉरेस्ट का दर्जा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने दिल्ली की पारिस्थितिक सुरक्षा, हरित आवरण एवं वायु गुणवत्ता को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया है. दिल्ली सरकार ने दक्षिणी रिज की लगभग 1,000 एकड़ अतिरिक्त जमीन को आरक्षित वन के रूप में अधिसूचित करने के फैसले पर मुहर लगाई है. इस फैसले के बाद अधिसूचित रिज क्षेत्र लगभग 13,000 एकड़ (5,250 हेक्टेयर) हो जाएगा.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह फैसला भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 20 के तहत लिया गया है. दिल्ली रिज हरित सुरक्षा-कवच है. रिज का संरक्षण केवल पेड़ों एवं वन क्षेत्र को बचाने तक ही नहीं है. यह दिल्ली की स्वच्छ हवा, तापमान संतुलन, जैव विविधता और पर्यावरणीय सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है.

दिल्ली रिज पर सरकार का बड़ा फैसला

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इसकी अंतिम अधिसूचना की प्रक्रिया काफी समय से लंबित थी. उनकी सरकार प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया है. सरकार का लक्ष्य यह है कि दिल्ली रिज का संरक्षण किया जाए. वैज्ञानिक पुनर्स्थापन और पुनर्जीवन सुनिश्चित किया जाए. ताकि प्राकृतिक क्षेत्र भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित रह सके.

रेखा गुप्ता ने बताया कि अरावली पर्वत श्रृंखला के विस्तार में दिल्ली रिज राजधानी के सबसे महत्वपूर्ण है. यह धूल नियंत्रण एवं स्थानीय तापमान को संतुलित रखता है. इसके साथ ही वायु प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने में प्राकृतिक क्षमता को मजबूती प्रदान करता है. अरावली की उत्तरी छोर की महत्वपूर्ण पारिस्थितिक कड़ी दक्षिणी रिज है और इसे राजधानी के ग्रीन लंग भी कहा जाता है और कार्बन सिंक के रूप में महत्व दिया जाता है.

रिज के पारिस्थितिक तंत्र को पुनर्जीवित करना लक्ष्य

रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल जमीन को कानूनी संरक्षण देना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि रिज के पारिस्थितिक तंत्र को पुनर्जीवित करना भी महत्वपूर्ण है. इसी उद्देश्य से वैज्ञानिक पारिस्थितिक पुनर्स्थापन का कार्य किया जा रहा है. इसमें देशी प्रजातियों को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है और क्षतिग्रस्त क्षेत्रों के पुनर्जीवन और आक्रामक प्रजातियों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी जोर दिया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि दिल्ली रिज के संरक्षण के लिए 2026 में दिल्ली रिज मैनेजमेंट बोर्ड बनाया गया था, जिसके दायित्वों में रिज की सुरक्षा, वनीकरण एवं आवास संरक्षण शामिल है.

ये भी पढ़ें- सरकार का दरवाजा जनता के लिए हमेशा खुला, जनसुनवाई में बोलीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button