मध्य प्रदेश: सागर में मौत का तांडव, बंडा में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, कई गांवों में पसरा मातम

सागर में जहरीली शराब ने ली जान
Sagar Hooch Tragedy: मध्य प्रदेश के बंडा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अनेक गांवों में जहरीली शराब पीने से करीब 11 लोगों की मौत होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. वहीं करीब 4 लोग गंभीर रूप से बीमार बताए जा रहे हैं. इसके साथ ही करीब 25 लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है. पीड़ितों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल बांडा से सागर रेफर किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक वीरेन्द्र सिंह लम्बरदार, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, सीएमएचओ डॉ. देवेश पटैरिया एवं पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और डॉक्टरों से घायलों के उपचार की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की.
शराब की दुकानें की गईं सील
जानकारी के अनुसार, इस घटना से प्रभावित लोगों में पाटन, नौराज, डिलौना, बमूरा, हिनौती, गूगराखुर्द सहित क्षेत्र के अन्य गांवों के ग्रामीण शामिल बताए जा रहे हैं. प्रशासन एवं पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है. प्रशासन द्वारा मामले पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है. एहतिहात के तौर पर बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर, बरायठा की दुकानें सील की गईं हैं. सैंपलिंग भी जारी है. जहरीली शराब पीने के बाद हुई इन मौतों के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली निशाने पर आ गई है.
आबकारी कार्यालय में हाल ही में ‘बांबे व्हिस्की’ के नाम से बाजार में धड़ल्ले से बिक रही नकली शराब की शिकायत दर्ज कराई गई थी. ये शिकायत शहर के एक लाइसेंसी शराब ठेकेदार ने दर्ज कराई थी. आरोप लगाया जा रहा है कि इस मामले पर आबकारी विभाग की ओर से उम्मीद के मुताबिक कार्रवाई नहीं की गई. इस हादसे से चार दिन पहले आबकारी विभाग ने एक बैठक की थी.
लाइसेंसी ठेकेदारों ने जताई थी नाराजगी
इस बैठक में विभाग के अधिकारियों के सामने लाइसेंसी ठेकेदारों ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जाहिर की थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कोराबार और नकली शराब की बिक्री की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने लाइसेंसी ठेकेदारों की बात को अनदेखा कर दिया. इसी का नतीजा है कि जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की जान चली गई.
मौतों के कारण और घटना की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है. प्रशासन द्वारा मामले पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
जीतू पटवारी ने साधा राज्य सरकार पर निशाना
वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले में राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पर शराब माफियाओं का कब्जा हो गया है. मैं बहुत दुख के साथ कहता हूं कि सागर में पहले भी ऐसी घटनाएं हुईं. मैं खुद वहां गया और पीड़ित लोगों से मिला. घर-घर के माता-पिता इस नशे के खिलाफ खून के आंसू रो रहे हैं और सरकार मौन है.इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए और माफियाओं को 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे डालना चाहिए.
ये भी पढ़ें: मुझे मेरा पति चाहिए सुहाग को ढूंढते हुए दुबई से सतना पहुंची महिला; लगाई इंसाफ की गुहार

अमित अग्रवाल
मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले अमित अग्रवाल ने बीएससी की डिग्री हासिल करने के बाद डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन किया. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने MH One, India News, Hindi Khabar, ETV Bharat जैसे प्रमुख हिंदी न्यूज़ चैनलों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है. रिपोर्टिंग, ग्राउंड जीरो से लाइव कवरेज, स्टिंग ऑपरेशन, पॉलिटिकल बीट और क्राइम रिपोर्टिंग, हर क्षेत्र में उन्होंने अपनी कलम और कैमरे से सच को सामने लाने का प्रयास किया. सागर-बुंदेलखंड क्षेत्र की समस्याओं, किसानों, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर हमेशा मुखरता से आवाज उठाई है.
Read More