डोंगरगढ़ भाजपा में सियासी भूचाल : मंडल अध्यक्ष से नाराज 111 नेताओं- कार्यकर्ताओं ने दिया सामूहिक इस्तीफा - Haribhoomi

राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज 111 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा देकर संगठन में हलचल मचा दी।

BJP flag

भाजपा का झंडा

  • Published: 27 Jul 2026, 06:36 PM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 06:36 PM IST

राजा शर्मा- डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। भाजपा के 111 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान किया है। इस्तीफे की वजह शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा को बताया गया है। सामूहिक इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस्तीफा देने वालों में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के सदस्य, पूर्व पार्षद, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी ने आरोप लगाया है कि शहर मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली से लंबे समय से कार्यकर्ता स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे, जिससे संगठन में असंतोष लगातार बढ़ रहा था।

सामूहिक इस्तीफे में बीजेपी के शीर्ष नेताओं को किया गया संबोधित 
सामूहिक इस्तीफे का पत्र भाजपा के जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय तथा राष्ट्रीय नेतृत्व के नाम संबोधित किया गया है। पत्र में कहा गया है कि मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की अनदेखी से आहत होकर सभी लोग पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं। 

D

संगठन की तरफ नहीं आई कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया
डोंगरगढ़ में एक साथ बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे को संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले पर भाजपा जिला संगठन या शहर मंडल अध्यक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

राजनीतिक गलियारों में हो रही इस्तीफे की चर्चा 
अब राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है और सामूहिक इस्तीफों का स्थानीय संगठन पर कितना असर पड़ता है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)