तेलंगाना में छह हत्याओं का आरोपी राजकुमार फरार, तलाश में जुटी पुलिस की 12 टीमें - telangana police hunt sixmurder accused rajkumar with 12 teams

तेलंगाना पुलिस ने रंगारेड्डी जिले में छह लोगों की हत्या के आरोपी बी. राजकुमार की तलाश में 12 टीमें गठित की हैं। उस पर अपनी पत्नी, दो बच्चों और POCSO म ...और पढ़ें

तेलंगाना पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)

तेलंगाना पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. छह हत्याओं के आरोपी बी. राजकुमार की तलाश में 12 पुलिस टीमें।

  2. आरोपी पर पत्नी, बच्चों और POCSO शिकायतकर्ताओं की हत्या का आरोप।

  3. सूचना देने वाले को दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। छह लोगों के हत्यारे की तलाश के लिए तेलंगाना पुलिस ने 12 टीम बनाई हैं। उस पर अपनी पत्नी, दो बच्चों और उस परिवार के तीन सदस्यों (जिनमें पीड़ित भी शामिल है) की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है, जिन्होंने उसके खिलाफ पाक्सो का मामला दर्ज कराया था।

पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले के लिए दो लाख रुपये इनाम की घोषणा की है। आरोपित पर बच्चों को यौन शोषण से बचाने वाले कानून पाक्सो के तहत मई में मामला दर्ज किया गया था, क्योंकि उसने कथित तौर पर नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न किया था। उसे पिछले महीने ज़मानत पर रिहा किया गया था।

हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है, हालांकि पुलिस को शक है कि ये हत्याएं आपराधिक मामले को लेकर बदले की भावना से की गई थीं। पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि रंगारेड्डी ज़िले में 10 जुलाई की रात हत्याएं करने वाले बी. राजकुमार की तलाश में 12 टीमें लगी हैं। इस बीच फ्यूचर सिटी पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर रमेश को सस्पेंड कर दिया, जो पाक्सो मामले में जांच अधिकारी थे।

पीटीआई के अनुसार जांचकर्ताओं ने उसकी काल से मिले टेक्निकल डाटा का विश्लेषण किया । राजकुमार ने हत्याएं करने से एक दिन पहले अपनी पत्नी के फोन से आनलाइन पेमेंट करके एक ट्रांसपोर्टर से कार किराये पर ली थी। गाड़ी का ईंधन खत्म होने के बाद, आरोपित ने नंदीगामा पुलिस स्टेशन के इलाके में रेलवे ट्रैक के पास कार छोड़ दी।

राजकुमार ने कथित तौर पर रात 11:30 बजे से आधी रात के बीच, लगभग छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित दो जगहों पर हत्याएं कीं। आरोपित ने नाबालिग, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी। उसने अपनी पत्नी सरिता और दो बेटों जिनकी उम्र चार साल और डेढ़ साल थी की भी हत्या कर दी।

राजकुमार ने कथित तौर पर चाकू से सभी छह पीड़ितों पर वार किया और फिर गले रेत दिए। रात करीब 11:50 बजे अपने पिता को फोन करके उन्हें इन हत्याओं के बारे में बताया। राजकुमार के पिता पुलिस स्टेशन गए और पुलिस को अपने बेटे के कथित स्वीकारोक्ति के बारे में जानकारी दी।

राजकुमार के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि उसे आनलाइन सट्टेबाजी और जुए की लत थी और उसने कर्ज ले रखा था, जिसके कारण वह तनाव में था। उसने पिछले साल अक्टूबर में आत्महत्या की कोशिश की थी।-