पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता, फरीदकोट में सीआईए स्टाफ ने 12 किलो से अधिक हेरोइन की बरामद; 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदकोट (उत्तम हिन्दू न्यूज) : फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 12 किलो 221 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव करमूंवाला निवासी सुदागर सिंह उर्फ घुल्ला और कवलजीत खान उर्फ कम्मू के रूप में हुई है। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ फरीदकोट के इंचार्ज एसआई हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गुरुवार रात अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे-54 पर गांव चंदबाजा के पास नाकाबंदी की हुई थी।

इसी दौरान तलवंडी भाई की ओर से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस पार्टी ने पीछा कर दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर बैठे कवलजीत खान उर्फ कम्मू के कंधे पर एक किट बैग था, जो काफी भारी लग रहा था। बैग में नशीला पदार्थ होने के संदेह पर पुलिस ने डीएसपी (डी) फरीदकोट अवतार सिंह राजपाल को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से हेरोइन के छह पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 12 किलो 221 ग्राम बताया गया है।

पुलिस ने हेरोइन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। इसके बाद उनसे पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे।

You Might Be Interested In

  • SBI बैंक में फिल्मी स्टाइल में लूट, आंखों में झोंकी लाल मिर्च और 4 लाख लेकर फरार; देखें घटना का VIDEO
  • भीषण अग्निकांड : दो स्कूलों में लगी आग, 26 छात्रों की मौत; भगदड़ में भी गई कई जानें
  • देशभर में आज बैंकों की हड़ताल : 5-डे वर्किंग की मांग, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
  • सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट, धड़ाम हुआ MCX; जानें क्या चल रहा है ताजा भाव
  • शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम; निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपए स्वाहा
  • H-1B वीजा धारकों को बड़ा झटका, नौकरी छूटते ही छोड़ना होगा अमेरिका, 60 दिन का ग्रेस पीरियड होगा खत्म