सिरसा में कांग्रेस नेता के मीटर पर पड़ोसी का कनेक्शन: बिजली निगम पर लगाया आरोप; बोले- ₹12,800 बिल आया तो पता चला - Sirsa News

सिरसा शहर में कांग्रेस नेता के बिजली कनेक्शन में पड़ोसी का कनेक्शन जुड़ा होने का मामला सामने आया है। उनके अनुसार, करीब दो माह पहले बारिश के दौरान पड़ोसी का मीटर जल गया था। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने पड़ोसी के कनेक्शन की तार उनके मीटर की लाइन में ज

.

15 सितंबर को बिजली का बिल आने के बाद मामले का पता चला। बिल में 1950 यूनिट खपत और ₹12,800 की राशि दर्ज थी। कांग्रेस नेता का कहना है कि सामान्य तौर पर उनका बिल 5 से 6 हजार रुपए तक आता है। पिछले करीब 10 साल में भी उनके यहां 1000 यूनिट से ज्यादा की खपत का बिल नहीं आया।

मीटर के कनेक्शन में लगाई गई तार दिखाते हुए।

मीटर के कनेक्शन में लगाई गई तार दिखाते हुए।

जानिए कांगेस नेता ने क्या बताया…

वार्ड-14 स्थित कीर्ति नगर की गली नंबर-7 निवासी रौनकी कपूर ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि मीटर में कोई तकनीकी खराबी हो सकती है। इसके बाद उन्होंने बिजली निगम में जानकार से बिल के बारे में जानकारी ली। मीटर देखने पर बताया गया कि मीटर में खराबी नहीं है, बल्कि उसकी लाइन में दूसरा कनेक्शन जुड़ा हुआ है।

उनके अनुसार, पड़ोसी सतीश कुमार का कनेक्शन उनके मीटर वाली लाइन से जुड़ा मिला। सतीश कुमार पब्लिक हेल्थ विभाग में कार्यरत बताए गए हैं। रौनकी कपूर का कहना है कि उन्हें पड़ोसी के कनेक्शन से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसे उनके मीटर की लाइन से हटाया जाना चाहिए।

रौनकी कपूर द्वारा दिखाया गया नया और पुराना बिजली बिल।

रौनकी कपूर द्वारा दिखाया गया नया और पुराना बिजली बिल।

कार्यालय में धरने पर बैठे, अधिकारियों ने पुलिस बुलाई

रौनकी कपूर के मुताबिक, वह इस समस्या को लेकर लक्कड़मंडी स्थित बिजली निगम कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलने पहुंचे। उनका आरोप है कि दो दिन से कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि वीरवार को वह अपनी शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। इस दौरान बिजली निगम की ओर से डायल-112 को भी सूचना दी गई। पुलिसकर्मियों को उन्होंने पूरी समस्या बताई, जिसके बाद निगम के अधिकारी उनसे बातचीत करने पहुंचे। इसके बाद वह घर लौट आए।

रौनकी कपूर का आरोप है कि अधिकारियों की ओर से उन्हें ही देख लेने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि बिजली निगम की लापरवाही के कारण बिना जानकारी दिए उनके मीटर की लाइन में दूसरा कनेक्शन जोड़ दिया गया और बिल आने के बाद भी उसे हटाया नहीं गया।

मामले की जानकारी देते कांग्रेस नेता रौनकी कपूर।

मामले की जानकारी देते कांग्रेस नेता रौनकी कपूर।

नया मीटर लगाया, लेकिन लाइन नहीं बदली

रौनकी कपूर के अनुसार, बाद में बिजली निगम ने उनके घर नया मीटर भी लगा दिया, लेकिन पड़ोसी का कनेक्शन अभी भी उनकी मीटर वाली लाइन में चल रहा है। उन्होंने निगम से कनेक्शन अलग करने और बिल में हुई अतिरिक्त खपत की जांच करने की मांग की है।

रौनकी कपूर कांग्रेस के पुराने नेता बताए जाते हैं। उनकी पत्नी सीमा रानी ने कांग्रेस के टिकट पर वार्ड पार्षद का चुनाव भी लड़ा था। रौनकी कपूर सिरसा विधायक गोकुल सेतिया के करीबियों में शामिल बताए जाते हैं।

SDO बोले- समस्या का समाधान करवाया जा रहा

मामले में सिटी बिजली निगम के SDO ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। रौनकी कपूर वीरवार को भी कार्यालय आए थे। उनकी समस्या का समाधान करवाया जा रहा है और जल्द ही कनेक्शन अलग कर दिया जाएगा।