प्राध्यापक ने की 12वीं की छात्रा से छेड़छाड़ : कैथल में परिजनों ने स्कूल में की आरोपी की धुनाई, लगाया जाम, DSP ने समझा-बुझाकर खुलवाया - Haribhoomi
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि छात्रा ने 10 दिन पहले स्कूल की एक महिला अध्यापिका को घटना की जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 13 अगस्त को आरोपी ने दोबारा छेड़छाड़ की और जातिसूचक शब्द कहे। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला...
कैथल में छेड़छाड़ के आरोपी प्राध्यापक के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।
- Published: 14 Aug 2026, 07:41 PM IST
- Last Updated: 14 Aug 2026, 07:41 PM IST
हरियाणा के कैथल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड में शुक्रवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब ग्रामीणों ने गणित के प्राध्यापक वीरेंद्र सिंह की स्कूल प्रांगण में जमकर धुनाई कर दी। बाद में बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया गया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। प्राध्यापक पर 12वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप है। थाना ढांड पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
10 दिन पहले स्कूल की महिला अध्यापिका को भी घटना की जानकारी दी थी
छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी ने करीब 10 दिन पहले स्कूल की एक महिला अध्यापिका को भी इस घटना की जानकारी दी थी, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर प्रधानाचार्य ने बैठक तो बुलाई, परंतु कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके उपरांत आरोपी शिक्षक ने 13 अगस्त को छात्रा के साथ फिर से अश्लील हरकत की और जातिसूचक आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे धमकाया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के बाहर एकत्र हो गए
मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी शिक्षक के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के बाहर एकत्र हो गए और उनमें भारी रोष फैल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट के सामने स्थित करनाल-पटियाला हाईवे पर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भारतीय किसान यूनियन (युवा) के प्रदेशाध्यक्ष राजीव आर्य ढांड के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण आरोपी शिक्षक की तुरंत गिरफ्तारी और उसे निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे।
डीएसपी ने खुलवाया जाम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सुशील कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से बातचीत कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका।
स्कूल स्टाफ पर मिलीभगत का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। शिकायत के अनुसार, स्कूल का गणित प्राध्यापक वीरेंद्र छात्रा के साथ लैब में छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता था। जब छात्रा ने इसका विरोध किया और महिला अध्यापिका को बताया, तो पिता का आरोप है कि 10 दिन बीत जाने पर भी स्कूल स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद 13 अगस्त को आरोपी शिक्षक ने दोबारा वही हरकत की और उसे डराया-धमकाया। शिकायत में जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का भी आरोप लगाया गया है।
अधिकारी बोले
ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। केस की जांच डीएसपी (हेडक्वार्टर) सुशील कुमार करेंगे। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूल के प्रिंसिपल का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह मामला शुक्रवार को ही उनके संज्ञान में आया है और उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया है।
वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि मामला आज ही उनके ध्यान में आया है। आरोपी प्राध्यापक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। वे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाएंगे और जांच में जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।