जिंदा हैं मुजतबा खामेनेई? मौत के दावों के बीच सामने आया 12 सेकंड का VIDEO, टेंशन में ट्रंप

Time Published: Sunday, August 9, 2026, 13:31 [IST]

Mojtaba Khamenei Health: ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब एक वीडियो सामने आया है। हाल ही में इजराइली मीडिया ने दावा किया था कि उनकी हालत बेहद गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां तक कहा गया कि उनकी मौत की खबर सामने आए तो हैरानी नहीं होगी।

इन दावों के बीच ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने मुज्तबा खामेनेई का 12 सेकंड का वीडियो जारी किया है। वीडियो में वह लोगों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो कब का है, यह साफ नहीं किया गया है, इसलिए सवाल अभी भी बरकरार हैं।

Mojtaba Khamenei Health

वीडियो ने बीमारी की खबरों पर उठाए सवाल

मेहर न्यूज एजेंसी की ओर से जारी वीडियो में मुजतबा खामेनेई लोगों के बीच दिखाई दे रहे हैं और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। पहली नजर में यह वीडियो उनकी गंभीर बीमारी से जुड़ी खबरों का जवाब माना जा रहा है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल इसकी तारीख को लेकर है। एजेंसी ने यह नहीं बताया कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था। ऐसे में सिर्फ 12 सेकंड के इस वीडियो के आधार पर उनकी मौजूदा सेहत के बारे में कोई पुख्ता निष्कर्ष निकालना मुश्किल है।

फरवरी में संभाली थी सर्वोच्च नेता की जिम्मेदारी

मुजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हमले में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद से उनकी सार्वजनिक मौजूदगी बेहद सीमित रही है। उनकी तरफ से ज्यादातर लिखित बयान ही सामने आए हैं। इसी वजह से उनकी सेहत और गतिविधियों को लेकर लगातार अटकलें लगती रही हैं। हालिया रिपोर्ट में तो यहां तक दावा किया गया कि अगर जल्द ही उनके मारे जाने की खबर सामने आए, तो इसमें कोई हैरानी नहीं होगी।

ये भी पढ़ें: Masked Man Iran: Ali Khamenei के जनाजे में नकाबपोश बनकर पहुंचे थे मोजतबा? क्या आई खबर और क्या है सच्चाई?

हमलों में घायल होने के भी सामने आए दावे

मुजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर पहले भी कई तरह के दावे सामने आ चुके हैं। रिपोर्टों में कहा गया था कि अमेरिका और इजराइल के सैन्य हमलों के दौरान वह घायल हुए थे। कुछ रिपोर्टों में उनकी चोटों को गंभीर बताया गया था। यहां तक दावा किया गया कि उनके चेहरे पर भी गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने खुद को सार्वजनिक नजरों से दूर कर लिया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं हुई है और ईरान की ओर से भी आधिकारिक जानकारी सीमित रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संपर्क पर भी सवाल

मुजतबा खामेनेई की सुरक्षा को लेकर भी कई दावे सामने आए हैं। कहा गया कि वह वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे मुलाकात या बातचीत करने के बजाय बीच के लोगों के जरिए संपर्क कर रहे थे। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी सरकारी टीवी को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि फिलहाल मुज्तबा खामेनेई से सीधे बातचीत करना 'बहुत मुश्किल' है। उनकी सीमित सार्वजनिक मौजूदगी ने इन दावों को और हवा दी है। ऐसे में नया वीडियो सामने आने के बाद भी कई सवाल पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।

ये भी पढे़ं: Iran War Update: मोजतबा खामेनेई ने खाई बदला लेने की कसम, जारी किया नया संदेश, क्या बोले ट्रंप के लिए?

अमेरिका की अगली रणनीति पर भी नजर

मुजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही खबरों का असर सिर्फ ईरान तक सीमित नहीं है। अमेरिका और इजराइल की अगली रणनीति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ समय पहले डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि सैन्य अभियान के बाद मुजतबा खामेनेई करीब 90 फीसदी तक प्रभावित हुए थे और काम करने में असमर्थ थे। वहीं जुलाई में अल-हदथ ने इजरायली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मुज्तबा उस समय ईरान में भी नहीं थे।