बिहार: शिक्षा के मंदिर पर तबेले का कब्जा! 13 साल से गाय-भैंस के बीच पढ़ने को मजबूर 417 बच्चे
Madhepura News: बिहार के मधेपुरा जिले से शिक्षा व्यवस्था की एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है. मुरलीगंज प्रखंड की सिंगियान पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रानीपट्टी पिछले 13 वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में है. हालात ऐसे हैं कि जहां बच्चों की पढ़ाई और खेलकूद होना चाहिए, वहां गाय-भैंसें बंधी रहती हैं. स्कूल परिसर में 17 नाद रखकर मवेशियों का तबेला बना दिया गया है, जिससे 417 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
विद्यालय परिसर में फैले गोबर, कीचड़ और बदबू के कारण बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के मौसम में पूरा मैदान दलदल में बदल जाता है, जिससे छात्रों का स्कूल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है. जिस मैदान में बच्चों को खेलना चाहिए, वहां मवेशी चारा खाते नजर आते हैं.
विरोध करने पर दी जाती है धमकी
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हारून रशीद ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का प्रयास कई बार किया गया, लेकिन हर बार विरोध का सामना करना पड़ा. उनका आरोप है कि जब भी मवेशी हटाने की बात कही जाती है, अतिक्रमणकारी समूह बनाकर स्कूल पहुंच जाते हैं. शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और झूठे मुकदमों व एससी-एसटी एक्ट में फंसाने तक की धमकियां दी जाती हैं. कई बार स्थानीय लोग स्कूल के बरामदे को भी अपना अड्डा बना लेते हैं, जिससे पढ़ाई का माहौल पूरी तरह प्रभावित होता है.
विद्यालय प्रशासन ने इस मामले की शिकायत कई बार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ), जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और अंचलाधिकारी से की, लेकिन कार्रवाई केवल नोटिस जारी करने तक सीमित रही. पिछले 13 वर्षों में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया धरातल पर नहीं उतर सकी.
कई बार अधिकारियों से की शिकायत
जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने स्वीकार किया कि स्कूल परिसर पर अतिक्रमण की जानकारी विभाग को है. उन्होंने बताया कि पहले भी संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था और अब अंचलाधिकारी को दोबारा रिमाइंडर भेजा जा रहा है. उनका दावा है कि जल्द ही स्कूल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 13 वर्षों तक शिक्षा का मंदिर तबेले में तब्दील कैसे रहा? प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा आखिर उन 417 मासूम बच्चों को क्यों भुगतना पड़ रहा है, जिनका भविष्य साफ-सुथरे और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल पर निर्भर करता है.

रजनीश रंजन
20 वर्षों से ज्यादा टीवी पत्रकारिता का अनुभव. राजनीतिक और समसामयिक विषयों पर गहरी रुचि. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत.
Read More