13 साल की नौकरी और अब इस्तीफा...जानें कितनी पढ़ी-लिखी हैं IAS दिव्या मित्तल

उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. वह फिलहाल राजस्व विभाग में स्पेशल सेक्रेट्री के पद पर तैनात थीं. इस्तीफे की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी. दिव्या मित्तल अपनी प्रशासनिक कार्यशैली और आम लोगों से जुड़े कामों को लेकर चर्चा में रही हैं. आइये जानते हैं उनके बारे में.

IIT दिल्ली से की इंजीनियरिंग की पढ़ाई

दिव्या मित्तल का जन्म हरियाणा के रेवाड़ी में हुआ. उन्होंने IIT दिल्ली से बीटेक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने IIM बेंगलुरु से MBA किया. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें लंदन में नौकरी मिली. उनके पति गगनदीप सिंह भी उनके साथ लंदन गए. दोनों ने कुछ समय वहां काम किया, लेकिन विदेश में रहने के दौरान उन्हें अपने देश से दूर होने का एहसास हुआ. इसके बाद दोनों ने नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया.

2012 में उन्होंने UPSC परीक्षा पास की

भारत आने के बाद दिव्या ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी. साल 2012 में उन्होंने UPSC परीक्षा पास की और उनका चयन IPS के लिए हुआ. हालांकि, उनका लक्ष्य IAS अधिकारी बनना था. इसलिए उन्होंने प्रयास जारी रखा और 2013 में IAS बनने में सफलता हासिल की.

मिर्जापुर DM रहते हुए मिली पहचान

IAS बनने के बाद दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश में कई जिम्मेदारियां संभालीं. 19 सितंबर 2022 को उन्होंने मिर्जापुर की जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला. करीब एक साल तक वह इस पद पर रहीं. उनके कार्यकाल में लहुरियादह गांव तक पहली बार पानी पहुंचना प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा. उन्होंने किसानों, दिव्यांगों और भूमि अधिकार से जुड़े मामलों पर भी काम किया.

चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग के समय एक बच्ची के साथ उनका डांस करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. मिर्जापुर से तबादले के दौरान लोगों ने उन्हें भावुक विदाई दी और फूल बरसाकर सम्मान किया.

13 साल की सेवा के बाद लिया इस्तीफा

दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि उन्होंने 13 साल की यादगार यात्रा को स्वेच्छा से विराम दिया है. उन्होंने कहा कि पद भले पीछे छूट गया है, लेकिन देश के लिए काम करने का सपना नहीं. उन्होंने अपनी सेवा के दौरान मिले लोगों के प्यार और आशीर्वाद को भी याद किया. वर्तमान में वह राजस्व विभाग में स्पेशल सेक्रेट्री के पद पर कार्यरत थीं.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button