इंडोनेशियाई यात्री जहाज पलटने के बाद लापता करीब 130 लोगों की तलाश जारी

जकार्ता, 13 सितंबर (एपी) जावा सागर में करीब 240 यात्रियों को ले जा रहे एक इंडोनेशियाई यात्री जहाज के खराब मौसम के कारण पलट जाने के बाद 130 यात्री और चालक दल के सदस्य लापता हैं। इंडोनेशिया के बचावकर्मियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 107 लोगों को बचा लिया गया है और छह यात्रियों के शव बरामद किये गये हैं। पोत से आखिरी बार जिस स्थान पर संपर्क हुआ था, उसके आसपास के समुद्री क्षेत्र में तलाश अभियान तेज कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पोत पूर्वी जावा के सुरबाया से दक्षिण कालीमंतान प्रांत के बंजारमसिन जा रहा था।

बंजारमसिन खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख आई पुतु सुदायना ने बताया कि पोत के कप्तान ने पहले 10 फुट तक ऊंची लहरों के साथ समुद्र में खराब स्थिति की सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने आपात संदेश जारी करते हुए बताया कि पोत एक ओर झुक रहा है। अधिकारियों को बाद में सूचना मिली कि पोत पलट गया और फिर डूब गया।

Join Our Whatsapp Group

बंजारमसिन की बचाव एजेंसी ने बताया कि शनिवार देर रात करीब दो बजे ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ से संपर्क टूटने के दो घंटे बाद उसे घटना की सूचना मिली। यह जहाज इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुरबाया से बोर्नियो द्वीप स्थित बंजारमसिन के लिए रवाना हुआ था।

सुदायाना ने एक वीडियो जारी करके कहा, ‘‘पोत संचालक ने पोत के खराब मौसम में फंसने की सूचना मिलने के बाद प्राधिकारियों को घटना की जानकारी दी।’’

उन्होंने बताया कि इसके बाद एक बचाव पोत को उस स्थान की ओर रवाना किया गया, जहां ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ से आखिरी बार संपर्क हुआ था। पोत पर बड़ी संख्या में यात्री और चालक दल के सदस्य सवार होने के कारण सभी उपलब्ध कर्मियों और संसाधनों को तलाश अभियान में लगाया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पोत से आखिरी बार जावा सागर में बंजारमसिन के एक घाट से करीब 148 किलोमीटर दूर संपर्क हुआ था।

पोत की यात्री सूची के अनुसार, उस पर 213 यात्रियों और चालक दल के 30 सदस्यों समेत 243 लोग सवार थे। हालांकि, इंडोनेशिया में पोत पर सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या का आधिकारिक सूची में दर्ज संख्या से अलग होना आम बात है।

तलाश अभियान का समन्वय कर रहे सुदायाना ने बताया कि एजेंसी समुद्री अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है तथा क्षेत्र में मौसम की स्थिति पर भी करीबी नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि आसपास मौजूद ‘टगबोट’ (ऐसा छोटा लेकिन शक्तिशाली पोत जो बड़े जहाजों को खींचने, धकेलने या उनकी दिशा नियंत्रित करने में मदद करता है) और अन्य पोतों की मदद से तलाश दलों ने रविवार दोपहर तक 107 लोगों को बचा लिया और छह शव बरामद किये।

जापान निर्मित ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ यात्रियों और वाहनों, दोनों के परिवहन के लिए था।

रविवार को बंजारमसिन के त्रिसक्ति बंदरगाह स्थित नियंत्रण केंद्र पर सैकड़ों परिजन जमा हुए और परिवार के उन सदस्यों के बारे में जानकारी मिलने का इंतजार करते रहे, जिनके नौका पर सवार होने की जानकारी है। अधिकारियों के जीवित बचे लोगों की तलाश जारी रखने के बीच कई परिजन बेचैनी से यात्रियों की सूची और बचाव सूची की जांच करते रहे।

बुंगा नाम की एक महिला ने कहा, ‘‘जब मैंने यात्री सूची में अपने रिश्तेदार का नाम देखा तो मैं स्तब्ध रह गई। लेकिन अधिकारियों ने बताया कि उन्हें बचा लिया गया है, तो मुझे राहत मिली।’’

इंडोनेशिया 17,000 से अधिक द्वीपों वाला एक द्वीपसमूह देश है, जहां नौका यात्रा का एक आम साधन हैं। यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं और इसके लिए सुरक्षा नियमों के कमजोर क्रियान्वयन को जिम्मेदार ठहराया जाता है।

एपी अमित प्रशांत

प्रशांत