एनएच-146 और एसएच-18 की खींचतान में अटकी सड़क, गड्ढों से जूझ रहे हजारों वाहन - Raisen News
.
त्रिमूर्ति चौराहे से नेशनल हाईवे के जोड़ तक करीब 300 मीटर सड़क की बदहाली अब राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। एनएच-146 और स्टेट हाईवे-18 के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर चल रही खींचतान के कारण इस हिस्से की मरम्मत का काम लंबे समय से अटका हुआ है। सड़क के चौड़ीकरण की योजना भी इसी विवाद में आगे नहीं बढ़ पा रही है।
हालत यह है कि पहले से संकरी सड़क कई जगह से उखड़ चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे वाहन चालकों को बचकर निकलना पड़ता है। रायसेन, सांची और भोपाल को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं।
ऐसे में महज 300 मीटर का यह बदहाल हिस्सा यातायात की रफ्तार में बाधा बनने के साथ वाहन चालकों के लिए लगातार परेशानी और हादसे का खतरा भी बढ़ा रहा है। जिम्मेदार विभागों के बीच अधिकार क्षेत्र का विवाद कब सुलझेगा और सड़क की हालत कब सुधरेगी, इसका इंतजार लोगों को लंबे समय से है। सड़क के साथ पुलिया की हालत भी चिंताजनक है।
सुरक्षा के लिए लगी रेलिंग कई जगह से टूट चुकी है। रात और धुंध के दौरान यह हिस्सा वाहन चालकों के लिए और अधिक जोखिमभरा हो जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां पहले भी छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
दो भारी वाहन आमने-सामने आए तो थम जाता है ट्रैफिक सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण दो भारी वाहन आमने-सामने आने पर दोनों का एक साथ निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में चालकों को वाहन सड़क से नीचे उतारना पड़ता है। किनारे के गड्ढों और कच्ची मिट्टी में वाहन फंसने या अनियंत्रित होने का खतरा रहता है। व्यस्त समय में चौराहे से हाईवे जोड़ तक लंबा जाम लग जाता है। एंबुलेंस, स्कूली बस और यात्री वाहन भी इसमें फंसते हैं।
मांग पुरी न होने पर क्षेत्रवासी करेंगे आंदोलन ^गड्ढे और पुलिया की टूटी रेलिंग बड़े हादसे का कारण बन सकती है। रोज हजारों वाहन यहां से गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। जल्द मरम्मत और चौड़ीकरण नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करेंगे। - समीर यादव , स्थानीय रहवासी
पुलिया की टूटी रेलिंग बढ़ा रही खतरा
प्रशासन से रोड चौड़ीकरण और सुधार करने की मांग ^त्रिमूर्ति चौराहे से हाईवे जोड़ तक रास्ता बेहद संकरा है। आए दिन जाम लगता है और हादसे की आशंका बनी रहती है। एनएच और स्टेट हाईवे के बीच जिम्मेदारी के चक्कर में जनता परेशान है। शासन-प्रशासन को तत्काल सड़क का चौड़ीकरण और सुधार कराना चाहिए। - आशीष सिंह राजपूत, स्थानीय रहवासी