गुजरात: 149वीं रथयात्रा से पहले हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था, अहमदाबाद में हर्ष संघवी ने की रथयात्रा को लेकर की समीक्षा बैठक - gujarat dy cm reviews hightech security for ahmedabad rath yatra
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अहमदाबाद में 149वीं रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और नेत्रोत्सव में भाग लिया। इस बार रथयात्रा में ह ...और पढ़ें

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी एवं महापौर हितेश बारोट रथयात्रा के रूट का जायजा लेते सुरक्षा में तैनात पुलिस व अर्दसैनिक बलों के जवान।
HighLights
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रथयात्रा सुरक्षा का जायजा लिया।
30 हजार जवान, ड्रोन, AI से होगी हाईटेक निगरानी।
हाथियों की सुरक्षा हेतु डेसिबल मीटर, जायरोस्कोप लगेंगे।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने ऐतिहासिक भगवान जन्ननाथ जी के मंदिर पहुंचकर नेत्रोत्सव में भाग लेकर महाआरती की वहीं पुलिस के आला अधिकारियों के साथ रथयात्रा की सुरक्षा को लेकर एक समीक्षा बैठक की। संघवी ने रथयात्रा के 16 किमी रुट का पैदल चलकर निरीक्षण किया तथा रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
एक सौ से अधिक आईपीएस अधिकारियों समेत करीब 30 हजार जवान रथयात्रा की सुरक्षा में जुटेंगे। एआई, वर्चुअल रियल टाइम मॉनिटरिंग, 3डी मेपिंग, 100 से अधिक ड्रॉन, जीपीएस तथा हजारों सीसीटीवी के जरिए रथयात्रा की पल पल की हरकत पर नजर रखी जाएगी। रथयात्रा के हाथी तेज ध्वनि के कारण बिगडें नहीं इसके लिए उन पर डेसिबल मीटर तथा जायरोस्कोप सिस्टम लगाया जाएगा ताकि उनके व्यवहार व चाल की निगरानी की जा सके।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भगवान जगन्नाथ जी की 149वीं रथयात्रा को लेकर पुलिस महानिदेशक जी एस मलिक, अहमदाबाद पुलिस आयुक्त अनुपमसिंह गहलोत तथा अन्य आलाअधिकारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। संघवी ने पुलिस की हाईटेक साधनों के साथ रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था से प्रभावित हुए तथा पुलिस को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिये।
संघवी ने मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन किए तथा नेत्रोत्सव महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर पर ध्वजारोहण किया तथा महाआरती की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आगामी गुरुवार को वैदिक परंपरा के अनुसार सोने की झाडू से मंदिर प्रांगण को बुहारकर रथयात्रा की शुरआत कराएंगे। इससे पहले संघवी ने करीब 16 किमी लंबे रथयात्रा के रूट पर पैदल चलकर सुरक्षा का जायजा लिया।
इस दौरान लोगों ने जगह जगह उनका फूलों से स्वागत किया तथा मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शाहपुर दरवाजे के पास कई मीटर लंबा तिरंगा हाथ में लेकर संघवी का अभिवादन किया।
इससे पहले रविवार को मुस्लिम समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा के अनुसार मंदिर के महंत दिलीप दास महाराज को चांदी का रथ भेंट किया। संघवी के साथ रुट की समीक्षा के दौरान अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट, सांसद दिनेश मकवाणा, मनपा आयुक्त बछानिधि पानी, विधायक कौशिक जैन आदि भी मौजूद रहे।
हाथियों पर निगरानी के लिए डेसिबल मीटर
रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व बहन सुभद्रा के तीन रथ के अलावा एक सौ तीन ट्रक, 18 गजराज,सैकडों भजन मंडलियां व 30 अखाडे होंगे। गत वर्ष रथयात्रा के दौरान दो हाथी तेज ध्वनि के कारण बिगड गये थे इसलिए इस बार हाथियों पर डेसीबल मीटर, जायरोस्कोप लगाए जाएंगे। उनकी सतत निगरानी के साथ उनकी चाल , व्यवहार की निगरानी की जाएगी। वैसे रथयात्रा में डीजे को प्रतिबंधित किया गया है लेकिन तेज शोर व तेज ध्वनि के संगीत के कारण हाथी के व्यवहार में बदलाव आता है तो जायरोस्कॉप हाथी की गतिविधि को सीधे नियंत्रण कक्ष को भेजेगा। ताकि समय रहते बचाव कार्य किया जा सके।
149वीं रथयात्रा की सुरक्षा में जुटेंगे 130 आईपीएस
अहमदाबाद इस ऐतिहासिक रथयात्रा की सुरक्षा में 130 आईपीएस समेत 30 हजार जवान तैनात होंगे। रथयात्रा का रियल टाइम मॉनिटरिंग किया जाएगा तथा हजारों सीसीटीवी, सौ से अधिक ड्रॉन, 3डी मेपिंग, जीपीएस सिस्टम हाईटेक वायरलैस सिस्टम, एआई वॉइस बोट, एआई फेसरिकग्निशन कैमरे, बॉडी वॉर्न कैमरे आदि के जरिए सुरक्षा के लिए पल पल की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
ऑपरेशन रेम्बो में 70 अपराधी पकडे, 100 विदेशी चाकू बरामद
सूरत पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर के निर्देश पर शहर अपराध शाखा ने रथयात्रा से पहले ऑपरेशन रेम्बो चलाकर 70 अपराधी किस्म के लोगों को गिरफ्तार किया, इनमें करीब एक दर्जन हिस्ट्रीशीटर निकले। पुलिस ने इनके पास से विदेशी बनावट के ड्रैगन, रेम्बो चाकू बरामद किये।
कट्टरपंथियों के संपर्क में आए 7 को पुछताछ को लाए
पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश ए मौहम्मद के संपर्क में आए 8 आतंकियों की गत 3 जुलाई को गिरफ्तारी के बाद एटीएस ने इनके संपर्क में आए पांच से सात लडकों को पूछताछ के लिए लाया गया है।
एटीएस के उपाधीक्षक हर्ष उपाध्याय ने बताया कि राज्य में आतंकी नेटवर्क बनाने की साजिश की गंभीरता से जांच की जा रही है। 8 आतंकियों के संपर्क में आए कुछ युवकों के बयान रिकॉर्ड करने तथा पूछताछ के लिए उन्हें एटीएस मुख्यालय लाया गया है। एटीएस ने किसी भी तरह की गिरफ्तारी से इनकार किया है।