एप से होगी बुकिंग; 15 अगस्त को होगा शुभारंभ: छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो वाला सिलेंडर, कीमत 730 रुपए तक - Raipur News
रायपुर36 मिनट पहलेलेखक: असगर खान
- कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ में ऐसा पहली बार होगा जब लोगों को 10 किलो वाला बेहद हल्का सिलेंडर ऑन डिमांड मिलेगा। यानी पेट्रोलियम कंपनियों के एप में ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद केवल 4 घंटे में सिलेंडर घर भेज दिया जाएगा। आम सिलेंडरों की तुलना में ये बेहद हल्का है। इसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। इतना ही नहीं सिलेंडर पारदर्शी है। इसमें दिखाई देता है कि अंदर कितनी गैस बाकी है।
15 अगस्त से यह नई सुविधा सबसे पहले रायपुर में शुरू की जाएगी। इसके बाद राज्य के सभी जिलों में इसे लागू किया जाएगा। नया गैस सिलेंडर बुकिंग कराने के लिए लोगों को करीब 3000 रुपए देने होंगे। इसके अलावा 250 रुपए रेगुलेटर के लिए जाएंगे। सिलेंडर की रकम रिफंडेबल होगी। यानी जब कनेक्शन कैंसिल कराएंगे उस समय रकम वापस कर दी जाएगी। एक तरह से ये रकम सिलेंडर के बदले अमानत के तौर पर रखी जाएगी। रायपुर में एक रिफिल की कीमत 715 से 730 रुपए तक होगी।
वो सबकुछ जो जानना चाहते हैं…
- नया कनेक्शन: नए कनेक्शन के लिए अनुमानित कीमत करीब 3 हजार होगी।
- वापसी: यह कीमत केवल एक बार देनी होगी। कनेक्शन वापस करने पर रिफंडेबल।
- हल्का व जंग-रहित: लोहे के पारंपरिक सिलेंडर के मुकाबले काफी हल्का होता है।
- पारदर्शी बॉडी: इसमें बाहर से ही देखा जा सकता है कि अंदर कितनी गैस बाकी है।
- सुरक्षा: यह फाइबर ग्लास और पॉलीमर से बना है, दुर्घटना का खतरा काफी कम है।
- बुकिंग: किसी भी कंपनी के नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर इसे बुक करवा सकते हैं।
- एप: तीनों कंपनियों के एप को मोबाइल पर डाउनलोड कर नया कनेक्शन ले सकते हैं।
सबके लिए रहेगा उपलब्ध
जिले में जिन लोगों के पास पहले से घरेलू सिलेंडर है वो भी इसे ले सकते हैं। यानी ये सिलेंडर अमानत राशि देकर कोई भी ले सकता है। नया सिलेंडर लेने के लिए केवल आधार कार्ड, नया फॉर्म और एक शपथ पत्र देना होगा। इमरजेंसी में यह सिलेंडर बेहद काम आएगा। इसके अलावा अकेले रहने वालों या कहीं बाहर पिकनिक जाने वालों के लिए भी सिलेंडर बेहद काम का है। आसानी से इसकी उपलब्धता होने की वजह से इसे कोई भी ले सकता है। कंपनी वालों का मानना है कि इससे आपातकालीन स्थिति में भी सिलेंडरों की जरूरत खत्म होगी।
बीपीसीएल की ओर से 15 अगस्त से सभी एजेंसियों में 10 किलो वाला सिलेंडर मिलने लगेगा। केवल एक बार कनेक्शन के लिए रकम डिपॉजिट कराई जाएगी। इसके बाद केवल रिफिल कराने का पैसा लगेगा। बुकिंग के चार घंटे में सिलेंडर घर पहुंचाकर देंगे। -मुरारी गौर, प्रदेशाध्यक्ष बीपीसीएल डिस्ट्रीब्यूटर संघ
.