सिवनी में 250 खिलाड़ियों और 70 पुलिसकर्मियों का सम्मान: 15 दिनों में 15 लाख से अधिक लोगों को नशा न करने दिलाई शपथ - Seoni News

सिवनी जिले में युवाओं और आम लोगों को नशे की लत से दूर रखने के लिए चलाया गया 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान गुरुवार को पीजी कॉलेज में पूरा हो गया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के मार्गदर्शन में 15 दिनों तक चले इस अभियान के जरिए 15 लाख से ज्यादा लो

.

पुलिस विभाग के मुताबिक, इस 15 दिवसीय अभियान के दौरान जिले की 480 से ज्यादा जगहों पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण, जागरूकता रैलियां, संवाद सत्र, पोस्टर प्रदर्शनी और सोशल मीडिया अभियान शामिल थे। इस पूरे अभियान की मुख्य सोच युवाओं को नशे के बुरे दौर और नतीजों से बचाना और समाज में नशा मुक्ति का माहौल बनाना था।

'नशा मुक्त मध्य प्रदेश' की ली गई शपथ

समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि नशा इंसान, उसके परिवार और पूरे समाज तीनों को दीमक की तरह खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सेहतमंद जिंदगी चुनने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की बात कही। इस दौरान वहां मौजूद छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और नागरिकों को 'नशा मुक्त मध्य प्रदेश' बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

नशामुक्ति के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जो लोग नशे की लत से परेशान हैं और इससे बाहर निकलना चाहते हैं, उनके लिए सरकार की ओर से नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 और मानस हेल्पलाइन 1933 जारी की गई है। इन नंबरों पर मुफ्त में सलाह और मदद ली जा सकती है।

बेहतर काम करने वाले हुए सम्मानित

अभियान को सफल बनाने में सहयोगी संस्थाओं एवं व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। खेल युवा कल्याण विभाग, ब्रह्मकुमारी संस्थान, मातृशक्ति संगठन, मार्गीक फाउंडेशन, कलम एवं कनक फाउंडेशन, परिवर्तन सोशल संस्था, पतंजलि योग सहित गायिका हनी मनोज गुप्ता, गिरिश ठाकुर, योगेश प्रजापति, कुमारी शौर्या जैन, SI(M) अनादि मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

250 खिलाड़ियों और 70 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

उत्कृष्ट प्रतिभागिता हेतु 50 से अधिक शैक्षणिक संस्थाओं एवं क्रीड़ा केंद्रों के 250 खिलाड़ियों, 30 खेल प्रशिक्षकों, 150 छात्र-छात्राओं एवं 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

जिले भर में आयोजित हुए 502 कार्यक्रम

जिले भर में कुल 502 कार्यक्रम एवं विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास, आंगनवाड़ी, ग्राम कोटवार, ग्राम एवं नगर रक्षा समितियां, समस्त थाना-चौकी प्रभारी एवं रक्षित केंद्र सिवनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।