मंडला: 15 सितंबर तक चलेगा एग्रीस्टेक पंजीयन एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान

मंडला: 15 सितंबर तक चलेगा एग्रीस्टेक पंजीयन एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान

22 अगस्त 2026, मंडला: मंडला: 15 सितंबर तक चलेगा एग्रीस्टेक पंजीयन एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान – रबी वर्ष 2026-27 में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और उसके संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंडला जिले में 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक ‘एग्रीस्टैक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान’ चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान किसानों की फार्मर आईडी बनाने एवं उसमें सभी भूमि खातों को जोड़ने, पैक्स की सदस्यता, किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने, अग्रिम उर्वरक उठाव तथा ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन जनरेट करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं ई-विकास पोर्टल की सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है अथवा उसमें सभी खाते दर्ज नहीं हैं, उनकी सूची तैयार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। किसानों को ई-टोकन प्रणाली का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा। फार्मर आईडी किसानों के लिए विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से फसल उत्पादन, उर्वरक प्राप्ति, बीज एवं कृषि यंत्र अनुदान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा ई-मंडी में फसल विक्रय सहित अन्य सुविधाओं का लाभ लेना आसान होगा।

पैक्स स्तर पर नए सदस्यों को जोड़ने, किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने तथा रबी फसल के लिए अग्रिम उर्वरक उठाव हेतु किसानों को प्रेरित किया जाएगा। पात्र कृषक सदस्यों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। पैक्स में उपलब्ध कंप्यूटर के माध्यम से ई-टोकन जनरेट कर अग्रिम उर्वरक उठाव की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कृषि विभाग द्वारा किसानों को अत्यधिक एवं असंतुलित उर्वरक उपयोग से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर सूक्ष्म पोषक तत्वों, जैव एवं कार्बनिक उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही कम अवधि एवं अधिक उत्पादन वाली फसल किस्मों, फसल विविधीकरण, दलहनी-तिलहनी फसलों तथा उद्यानिकी फसलों की खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।

 अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, सहकारिता तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की सहभागिता रहेगी। मैदानी अमला ग्राम पंचायत, पैक्स एवं जिला स्तर पर समन्वय से अभियान का संचालन करेगा। जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति तथा दिनवार कार्यक्रम तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अभियान के दौरान फार्मर आईडी का पंजीयन एवं सुधार, सभी भूमि खातों को फार्मर आईडी से जोड़ने, पैक्स की सदस्यता लेने, किसान क्रेडिट कार्ड संबंधी कार्यवाही पूर्ण करने तथा रबी फसल के लिए आवश्यक उर्वरक का अग्रिम उठाव अवश्य करें। अभियान से संबंधित जानकारी के लिए किसान ग्राम पंचायत, संबंधित पैक्स अथवा कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क कर सकते हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture