Aloo Mirch Masala Sabji: 15 रुपये के आलू-मिर्च से बनाएं मसालेदार सब्जी, स्वाद कर देगा दीवाना; शेफ रणवीर बरार ने बताया सीक्रेट

Aloo Mirch Masala Sabji: भारतीय घरों में अगर ये समझ ना आए कि क्या बनाना है, तो अक्सर एक सब्जी का दिमाग सबसे पहले दिमाग में आता है. वो है आलू. आलू की सब्जी सभी शौक से खा लेते और पेट भी भर जाता है. आलू की सब्जी भले ही घर में सबसे आसानी से बनने वाली डिश में से एक हो, लेकिन कभी-कभार रोज-रोज एक ही स्वाद खाकर मन जरूर ऊब जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा है, तो इस बार आलू को थोड़ा अलग तरीके से बनाकर देखिए. शेफ रणवीर बरार ने आलू और हरी मिर्च से बनने वाली एक ऐसी मसालेदार सब्जी की रेसिपी शेयर की है, जो कम इंग्रेडिएंट्स में भी स्वाद से भरपूर है.

इस सब्जी की खासियत ये है कि इसमें ढेर सारे मसाले या बहुत ज्यादा इंग्रेडिएंट्स डालने की जरूरत नहीं पड़ती. इसका असली स्वाद मसालों के सही कॉम्बिनेशन और तड़के से आता है. शेफ रणवीर बरार के मुताबिक, कम इंग्रेडिएंट्स में स्वादिष्ट सब्जी बनाना आसान काम नहीं है, क्योंकि जब चीजें कम होती हैं तो हर एक मसाले का स्वाद साफ तौर पर महसूस होता है. ऐसे में मसालों की मात्रा और उन्हें पकाने का तरीका इस रेसिपी को खास बना देता है.

आलू-मिर्च मसाला सब्जी के लिए इंग्रेडिएंट्स

अदरक-लहसुन का पेस्ट बनाने के लिए:

सम्बंधित ख़बरें

  • 1 इंच अदरक
  • 2-3 लहसुन की कलियां (वैकल्पिक)
  • 1 हरी मिर्च

सब्जी के लिए:

  • 1½ टेबलस्पून तेल
  • ½ टीस्पून जीरा
  • ¼ टीस्पून मेथी दाना
  • एक चुटकी कलौंजी
  • तैयार अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 6-7 भावनगरी मिर्च, आधी कटी हुई
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 बड़ा टमाटर, कटा हुआ
  • 3-4 बड़े उबले आलू, छिले और चार टुकड़ों में कटे हुए
  • 2 टेबलस्पून पानी
  • जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी
  • 1 टेबलस्पून बारीक कटा हरा धनिया
  • ½ टीस्पून घी

दही का मसाला बनाने के लिए:

  • ⅓ कप फेंटा हुआ दही
  • ¼ टीस्पून हल्दी पाउडर
  • ½ टीस्पून देगी लाल मिर्च पाउडर
  • ½ टेबलस्पून धनिया पाउडर
  • एक चुटकी हींग

गार्निश के लिए:

  • हरा धनिया

आलू-मिर्च की सब्जी में है एक खास ट्विस्ट
शेफ रणवीर बरार की इस रेसिपी में आलू, भावनगरी मिर्च और टमाटर मेन इंग्रेडिएंट्स हैं. इसमें जीरा, मेथी दाना, कलौंजी, अदरक-लहसुन और कुछ सूखे मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, दही इस सब्जी में हल्की खटास और मसालों को अच्छी तरह मिलाने का काम करता है.

ये आम आलू-शिमला मिर्च की सब्जी से थोड़ी अलग है. शेफ ने खास तौर पर बताया कि इस रेसिपी का मजा तब बढ़ता है, जब मिर्च को अच्छी तरह भूनकर उसका स्वाद निकाला जाए.

सबसे जरूरी है मसालों को सही तरीके से पकाना
इस सब्जी को बनाते समय मसालों को सीधे गर्म तेल में डालने के बजाय दही के साथ मिलाकर डालने की ट्रिक अपनाई जाती है. इसके लिए फेंटा हुआ दही लेकर उसमें हल्दी, देगी लाल मिर्च, धनिया पाउडर और थोड़ी सी हींग मिलाया जाता है.

शेफ के मुताबिक, मसालों को सीधे गर्म तेल में डालने से वे जल सकते हैं और सब्जी का स्वाद जरूरत से ज्यादा कड़वा या धुआं-धुआं हो सकता है. इसलिए मसालों को दही या पानी में घोलकर डालना बेहतर रहता है.

बनाने का तरीका 

1. सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर बड़े टुकड़ों या चार हिस्सों में काट लें. अब एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें जीरा, मेथी दाना और कलौंजी डालें. जब ये सभी चीजें चटकने लगें तो उसके बाद इसमें कुटा हुआ अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालें.

2. इसके बाद आधी कटी हुई भावनगरी मिर्च डालकर अच्छी तरह भूनें. मिर्च को तब तक पकाएं, जब तक उसका रंग हल्का भूरा न होने लगे. इसी दौरान स्वाद के अनुसार नमक डाल दें.

4. अब इसमें कटे हुए टमाटर डालकर पकाएं. जब टमाटर और मसाले अच्छी तरह पक जाएं, तो तैयार दही-मसाला मिश्रण डालें. इसे तेज आंच पर कुछ देर पकाएं, ताकि मसालों का कच्चापन निकल जाए.

5. इसके बाद कटे हुए उबले आलू डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और धीमी आंच पर ढककर कुछ मिनट पकने दें.

6. सब्जी तैयार होने के बाद इसमें कटा हुआ हरा धनिया डालें. शेफ रणवीर बरार ने इस सब्जी को फिनिश करने के लिए थोड़े से घी का इस्तेमाल किया है. हालांकि, घी की मात्रा ज्यादा नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे सब्जी के बाकी मसालों का स्वाद दब सकता है.

सिर्फ 20 मिनट में तैयार हो सकती है सब्जी
इस रेसिपी की एक और खास बात इसका कम समय में तैयार होना है. शेफ के मुताबिक, ये सब्जी करीब 20 मिनट में तैयार हो गई थी. अगर आप घर पर इसे सामान्य तरीके से बना रहे हैं, तो भी ये जल्दी ही तैयार हो जाएगी. आलू, मिर्च और टमाटर जैसी साधारण चीजों से बनने वाली ये सब्जी रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ खाई जा सकती है. यानी कम बजट और कम इंग्रेडिएंट्स में ऐसा स्वाद, जो रोज की साधारण आलू की सब्जी को भी खास बना दे.

---- समाप्त ----