सिकरहना में पांच डकैती कांडों का खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार: 15.5 लाख नकद, 5 मोबाइल समेत लूट का सामान बरामद; SDPO में दी जानकारी - Dhaka News
सिकरहना पुलिस ने अनुमंडल के ढाका, चिरैया और कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्रों में हुई पांच डकैती की घटनाओं का खुलासा किया है।
.
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने 15.5 लाख रुपये नकद, एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, 2.1 किलो चरस, 300 ग्राम चांदी के आभूषण, दो लोहे के रॉड और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी सीमावर्ती जिलों के विभिन्न गांवों में डकैती की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और कई गंभीर मामलों में वे पहले से नामजद हैं।
सीतामढ़ी के चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के भलही गांव निवासी मो. शफीक मंसूरी उर्फ बंठा, बेला थाना क्षेत्र के बेतहां निवासी मो. तनवीर शेख, बथनाहा थाना क्षेत्र के हरपुर भलहां निवासी शंभू पासवान उर्फ मोगल और परिहार निवासी अमरनाथ ठाकुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, शफीक मंसूरी उर्फ बंठा पर लूट, आर्म्स एक्ट, घर में घुसकर चोरी और डकैती से जुड़े करीब 10 मामले दर्ज हैं। वहीं, मो. तनवीर शेख पर 11 और शंभू पासवान पर चार आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
लूट की रकम और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 15.5 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा एक अत्याधुनिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, 2.1 किलोग्राम चरस, दरवाजा तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले दो लोहे के रॉड और पांच मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस ने 300 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद करने की भी जानकारी दी है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने संबंधित डकैती कांडों के पीड़ित गृहस्वामियों के सामने आरोपियों की पहचान कराई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने डकैती की घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोतिहारी जेल भेज दिया गया है।
कई थानों की पुलिस टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी टीम में एसडीपीओ अभिषेक कुमार के अलावा ढाका थानाध्यक्ष राजरूप राय, पुनि अशोक साह, पुअनि मो. खलील, घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार, कुंडवा चैनपुर के निवर्तमान थानाध्यक्ष राहुल कुमार और चिरैया थानाध्यक्ष अंबेश कुमार शामिल थे।
इसके अलावा जिला डीयूआई के सदस्य पुनि कृष्णमोहन कुमार और करण सिंह, सीतामढ़ी डीयूआई के मुसीर अली, ढाका थाना के पीएसआई दीपक कुमार और रामाकांत कुमार समेत पुलिस बल के अन्य अधिकारी और जवान भी छापेमारी टीम में शामिल रहे।