यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें: आकाश बोले- अखिलेश और राहुल 50 साल के बूढ़े; पवन के मंच से युवक को फेंका; दूल्हे को पहली पत्नी ने पीटा - Uttar Pradesh News

.

आज की सबसे बड़ी खबर मायावती के भतीजे आकाश आनंद की हाथरस में हुई चुनावी रैली में भाजपा पर हमला बोलने और अखिलेश यादव-राहुल गांधी को वृद्ध बताने को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर सावन के दूसरे सोमवार पर शिवमंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़ और कांवड़ यात्रा से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1- आकाश आनंद बोले- अखिलेश- राहुल 50 साल के बूढ़े, भाजपा 110 रुपए में गन्ने का रस बेच रही

मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने कहा- मैं 30 साल का हूं, अखिलेश जी- राहुल गांधी 50 साल के हैं। उनको अंकल नहीं कहूंगा तो और क्या कहूंगा। यूपी में 10 साल में भाजपा सरकार ने 7 हजार करोड़ रुपए केवल अपनी गलतियां छिपाने पर खर्च किए। ये जनता के टैक्स के पैसे थे। देश में सबसे बेकार एक्सप्रेस-वे बन रहे। एथनॉल के नाम पर 110 रुपए में गन्ने का रस बेच रहे। पूरी खबर पढ़ें

2- बाबा विश्वनाथ के गौरीशंकर स्वरूप का दर्शन; नाक में ऑक्सीजन लगाकर शिवभक्त निकले

सावन के दूसरे सोमवार पर प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ है। काशी में बाबा विश्वनाथ के गौरीशंकर स्वरूप का 5 लाख से अधिक लोग दर्शन कर चुके हैं। जापानी पर्यटकों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। मुजफ्फरनगर के 60 वर्षीय शिवभक्त नाक में ऑक्सीजन लगाकर कांवड़ लेकर स्कूटी से निकले। बुर्का पहनी मुस्लिम महिला ने लिव इन पार्टनर के साथ कांवड़ उठाई। पूरी खबर पढ़ें

3- योगी बोले- क्रांतिकारियों को डकैत पढ़ाना अपमान, गोरखपुर में तिरंगा लेकर पैदल चले

गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा कि क्रांतिकारियों को डकैत पढ़ाना अपमान है। आजादी के बाद से 2022 तक काकोरी में ट्रेन की घटना को डकैती पढ़ाया जाता रहा। प्रधानमंत्री ने सम्मान दिलाया। मुख्यमंत्री की अगुवाई में सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। सीएम योगी हाथ में तिरंगा लेकर करीब 3 किलोमीटर पैदल चले। इस यात्रा में शामिल लोग पूरे रास्ते तिरंगे लहराते रहे। पूरी खबर पढ़ें

4- अखिलेश ने पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया, कैलेंडर में अमित शाह की गैरहाजिरी दिखाई

सपा सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को कहा कि सरकार राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर जवाब दे। पूछा- 2 साल से चोरी चल रही थी तो यूपी के सीएम को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? संसद परिसर में अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी ने सांसदों के साथ प्रदर्शन कर सदन में अमित शाह की गैरमौजूदगी का कैलेंडर लहराया। जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज का जवाब मांगा। पूरी खबर पढ़ें

5- इटावा में महिला कांस्टेबल ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, सैफई थाने में थी तैनात

इटावा में 32 साल की महिला सिपाही ने जहर खाकर जान दे दी। रविवार शाम वह पति के साथ शॉपिंग करने गई थी। घर लौटने के बाद दोनों में किसी बात पर विवाद हुआ। इसके बाद उसने जहर खा लिया। अस्पताल में रात 10 बजे मौत हो गई। सिपाही प्रियंका सहारनपुर की रहने वाली थी। उसने 3 साल पहले लव मैरिज की थी। 2019 में भर्ती हुई थी और सैफई थाने में तैनात थी। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें...

6- सहारनपुर में पहाड़ों से आया सैलाब; फर्रुखाबाद में बर्बादी देख महिलाएं रोईं

लखनऊ-नोएडा समेत 30 से अधिक शहरों में सोमवार को बारिश हुई। सहारनपुर में गंगराव नदी और शाकुंभरी मंदिर के पास की बरसाती नदी में सैलाब आ गया है। मिर्जापुर क्षेत्र में गंगराव नदी पर बना रपटा पुल क्षतिग्रस्त हो गया। फर्रुखाबाद में 21 घर गंगा में समा चुके हैं। मकानों को वहां के लोग खुद तोड़ रहे हैं। मकान टूटते देख महिलाएं रो पड़ीं। कहा- हम अब कहां जाएंगे? पूरी खबर पढ़ें

7- काशी में 26 लाख की BMW सुपरबाइक सीज, पुलिस से गिड़गिड़ाया- गलती हो गई

वाराणसी में पुलिस ने 26 लाख रुपए की BMW सुपरबाइक सीज की है। बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से फायरिंग जैसी तेज आवाज निकल रही थी। रविवार रात करीब 10 बजे पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी युवक तेज आवाज निकालते हुए बाइक से गुजरा। पुलिस ने उसे रोक लिया और बाइक समेत थाने ले आई। इसके बाद माफी मांगने लगा। कहा- ‘साहब, गलती हो गई।’ पूरी खबर पढ़ें

8- लखनऊ में किसान-मजदूर संगठनों का धरना-प्रदर्शन; पुलिस-सपाइयों के बीच धक्का-मुक्की

लखनऊ में सोमवार को समाजवादी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर प्रदर्शन किया। वे दारुलशफा विधायक निवास से राजभवन की ओर जा रहे थे। RLD ऑफिस के पास रोका तो पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। महिलाओं और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्रीय श्रम संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा ने भी धरना प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ें

9- राममंदिर चढ़ावा चोरी- चंपत राय फिर महासचिव की रेस में; रोज महंतों से मिल रहे

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों से घिरे चंपत राय एक बार फिर ट्रस्ट के महासचिव बनने की रेस में हैं। उन्होंने 26 जून को इस्तीफा दिया था। सूत्रों के मुताबिक, 22 जुलाई को दिल्ली में विहिप की राष्ट्रीय बैठक में उन्हें क्लीनचिट दे दी गई। अगले दिन अयोध्या में बैठक कर प्रमुख संतों ने उनको बेदाग बताया और फिर महासचिव बनाने की मांग की। वे रोज संतों से मिल भी रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें

10- अतीक के रिश्तेदार उमर-जैद की हालत नाजुक, बेटे अबान की हादसे में हुई थी मौत

झांसी हादसे में घायल अतीक के रिश्तेदार उमर और जैद की हालत नाजुक है। उमर की 3 पसलियां टूटी हैं, हाथ-पैर में फ्रैक्चर है और लंग्स में ज्यादा दिक्कत है। फेफड़ा फटने के बाद उसे दिल्ली के मेदांता ले जाया गया। दूसरे घायल जैद की रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली में मिलिट्री अस्पताल में शिफ्ट किया गया। इस हादसे में अतीक के बेटे अबान की मौत हो गई थी। पूरी खबर पढ़ें

11- बस्ती में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के सामने युवक को मंच से फेंका, मां की तस्वीर लाया था

बस्ती में रविवार रात कांवड़ महोत्सव में भोजपुरी सिंगर पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई। तमाम लोग बैरिकेड पार कर गए। एक युवक मंच पर चढ़ गया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे उठाकर मंच से नीचे फेंक दिया। यह देख पवन सिंह खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने युवक को अपने पास बुलाया और फोटो भी खिंचवाई। युवक के हाथ में उनकी मां की तस्वीर थी। पूरी खबर पढ़ें

12- आगरा में तमिलनाडु एक्सप्रेस में मानव अंग मिले, ट्रॉली बैग में रखा था

आगरा में तमिलनाडु एक्सप्रेस में 5 अगस्त को मिले ट्रॉली बैग में मानव शरीर के 12 टुकड़े थे। पोस्टमार्टम के अनुसार, हत्या करने के बाद शव को कटर से काकर छोटे-छोटे टुकड़े किए गए। हाथ-पैर और पसलियों को तेजाब से जलाया था। डीएन सैंपल लेकर पता लगाया जा रहा कि टुकड़े किसके हैं। उधर, चेन्नई रेलवे स्टेशन पर एक CCTV में सेम बैग लिए लड़का-लड़की दिखे हैं। पूरी खबर पढ़ें

13- सीतापुर में IPS के पिता समेत 10 गिरफ्तार, 25 राउंड फायरिंग हुई थी

सीतापुर में महिला के घर 20-25 राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में IPS मयंक बाजपेई के पिता समेत 10 लोग गिरफ्तार हुए। महिला के मुताबिक, रविवार दोपहर 24-25 हथियारबंद लोगों ने घर पर फायरिंग की और उसे बाहर खींचकर हत्या की धमकी दी। उसकी जमीन नेशनल हाईवे-30 के किनारे है, जिस पर आरोपी कब्जा करना चाहते हैं। मयंक ट्रेनी IPS हैं। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है...

14- दूल्हे को सड़क पर पहली पत्नी ने पीटा, दूसरी शादी करने जा रहा था

बलिया में दूसरी शादी करने जा रहे पति की पहली पत्नी ने सरेआम सड़क पर पिटाई कर दी। आरोप है कि वाराणसी का रहने वाला पति बिना तलाक के ही दूसरी शादी करने जा रहा था। सिकंदराबाद चौराहा पर पहली पत्नी ने परिजन के साथ दूल्हे को घेर लिया। इसके बाद थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। महिला ने बताया कि दोनों की 2018 में शादी हुई थी। तलाक का केस चल रहा। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या रहेगा खास...

15- सीएम योगी का संतकबीरनगर दौरा

11 अगस्त को सीएम योगी संतकबीरनगर में 567.76 करोड़ रुपए की 119 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…