ठाणेवासियों को बड़ी राहत: इंदिरानगर में नई पानी की टंकी और पंप हाउस शुरू, 15 इलाकों को मिलेगा रोजाना पानी| Navbharat Live
विज्ञापन
सार
Thane Water Project: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे के इंदिरानगर और रूपादेवी पाडा में 52 MLD क्षमता के संप और पंप हाउस का लोकार्पण किया। इससे हजारों परिवारों की पानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।

ठाणे के इंदिरानगर में नए पंप हाउस का उद्घाटन करते उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
विस्तार
Thane Indiranagar Pump House Inauguration: ठाणे महानगरपालिका के लोकमान्य सावरकर नगर प्रभाग समिति के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 स्थित इंदिरानगर के नागरिकों को पर्याप्त और नियमित पानी उपलब्ध कराने के लिए बनाए गए नए संप और पंप हाउस का लोकार्पण महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों हुआ।
क्या है यह प्रोजेक्ट
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि इंदिरानगर संप से 31 MLD और रूपादेवी पाडा संप से 21 MLD यानी कुल 52 MLD अतिरिक्त पानी की आपूर्ति योजना का आज लोकार्पण किया गया। इससे इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति अधिक मजबूत, नियमित और सुचारू हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस इलाके के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी कि उन्हें रोजाना पानी मिले। इस योजना से महिलाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों की पानी के लिए रोज होने वाली दौड़-धूप काफी कम होगी।
किन क्षेत्रों को होगा लाभ
इस प्रोजेक्ट का सीधा फायदा इंदिरानगर, रूपादेवी पाडा, साठेनगर, हनुमान नगर, वाल्मिकी पाडा, श्रीनगर, किसान नगर, भटवाड़ी, शांतिनगर, वारली पाडा, रामनगर, किती तलाव, जुना गांव, कैलासनगर और आसपास के हजारों नागरिकों को मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए जरूरी जमीन उपलब्ध कराने हेतु 2018 में MIDC से लगातार फॉलोअप किया गया था। इसके बाद जमीन महानगरपालिका को मिलने पर योजना साकार हो सकी।
सम्बंधित ख़बरें
समारोह में बोलते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि नागरिकों को नियमित और प्रचुर मात्रा में पानी उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार आगे भी प्रतिबद्ध है। ठाणे में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ऐसे और प्रोजेक्ट जल्द शुरू किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- मुंबईकरों को बड़ी सौगात, महालक्ष्मी में बन रहा देश का पहला ट्रैवेलेटर स्काईवॉक, 90% काम पूरा
ठाणे शहर के इंदिरानगर और रूपादेवी पाडा में तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन समारोह में विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर, सांसद नरेश म्हस्के, विधायक रविंद्र फाटक, महापौर शर्मिला पिंपलोकर, सभागृह नेता हनुमंत जगदाले, शिवसेना गटनेता पवन कदम, अतिरिक्त आयुक्त संदीप मालवी, स्थानीय नगरसेवक अमित सरैया यज्ञा भोईर, सुरेश कांबले, अनिता यादव, एकता भोईर, योगेश जानकर, प्रशांत जाधव, पूर्व नगरसेवक एकनाथ भोईर,उपविभाग प्रमुख कुलदीप तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित थे।
