Mahindra New SUV: 15 अगस्त को क्या लॉन्च करेगी महिंद्रा, नए अवतार में आ सकती है ये कार
महिंद्रा हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कोई ना कोई बड़ा ऐलान करती है. अमूमन कंपनी अपने पोर्टफोलियो में नए प्रोडक्ट को जोड़ती है. ऐसे में कई लोगों के मन में एक सवाल आ रहा है कि इस बार स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त 2026 पर कंपनी क्या नया लेकर आएगी.
फिलहाल महिंद्रा कई नए कारों पर काम कर रहा है और लगातार इनकी टेस्टिंग भी चल रही है. इसकी वजह से ये अंदाजा लगाना मुश्किल है कि कंपनी कौन-सा नया मॉडल इस 15 अगस्त को लॉन्च करेगी. हां, अगर कंपनी खुद से कोई ऐलान कर देती है, तो तस्वीर ज्यादा साफ हो जाएगी.
कौन-सी कार ला सकती है कंपनी?
कंपनी के पोर्टफोलियो में इंटरनल कंबशन इंजन और इलेक्ट्रिक व्हीकल दोनों शामिल हैं. साथ ही कंपनी मौजूदा एसयूवीज के भी रिफ्रेश्ड वर्जन पर काम कर रही है. हाल में कई मॉडल्स को टेस्टिंग में देखा गया है. इस लिस्ट में महिंद्रा स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट (Mahindra Scorpio N Facelift), विजन एस और बीई 07 इलेक्ट्रिक एसयूवी शामिल हैं.
सम्बंधित ख़बरें
विजन एस कॉन्सेप्ट को कंपनी ने पिछले साल पेश किया था. संभव है कि कंपनी स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट को इस अगस्त लॉन्च करे. इस एसयूवी को कंपनी ने पहली बार 2022 में लॉन्च किया था. तब से इसमें अब तक सिर्फ कुछ मामूली बदलाव हुए हैं. यानी ये एसयूवी अपनी मिडलाइफ अपडेट के करीब है.
यह भी पढ़ें: Baby Scorpio लाने की तैयारी में महिंद्रा, चल रही दमदार SUV की टेस्टिंग
स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट में क्या होगा खास?
फेसलिफ्ट अवतार में महिंद्रा स्कॉर्पियो एन (Mahindra Scorpio N) के डिजाइन में बदलाव देखने को मिलेगा. एसयूवी नए फ्रंट फेस के साथ आएगी, जिसमें रिडिजाइन ग्रिल, बंपर और हेडलैम्प्स मिलेंगे. इसके अलावा वील्स के डिजाइन में बदलाव होगा और कार का रियर लुक भी अपडेट हो सकता है.
कैबिन की बात करें, तो स्कॉर्पियो एन में पैनोरोमिक सनरूफ, 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड सीट्स और दूसरे फीचर्स मिलेंगे. ADAS का फीचर अभी सिर्फ टॉप ट्रिम तक सीमित है. अपडेट में इसे दूसरे वेरिएंट्स में भी दिया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Scorpio-N को टक्कर देगी ये कार, सामने आया भारत में टेस्टिंग का वीडियो
हालांकि, कार के इंजन में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है. इसमें 2.2 लीटर का टर्बोचार्ज्ड डीजल और 2.0 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलेगा. दोनों ही ऑप्शन में मैन्युअल और ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन का विकल्प मिल जाएगा. कार में फोर-वील ड्राइव का फीचर कुछ ट्रिम में दिया जा सकता है.
महिंद्रा विजन एस की लॉन्चिंग में अभी वक्त है. इससे पहले कंपनी बीई 07 इलेक्ट्रिक एसयूवी को लॉन्च कर सकती है. हालांकि, इन सभी जानकारियों को आप सिर्फ कयास मानिए. क्योंकि जब तक कंपनी आधिकारिक रूप से ऐलान नहीं कर रही, तब तक कुछ कन्फर्म नहीं कहा जा सकता है.
---- समाप्त ----