लाड़ली बहना, सतर्क रहना...: 1500 की किस्त 3000 करने हो रही ठगी, नए पंजीयन का झांसा देकर मांग रहे रुपए - Gwalior News

  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • Fraud Is Being Committed By Making Installments Of Rs 1500 To Rs 3000, Demanding Money By Pretending To Register Again.

ग्वालियर34 मिनट पहलेलेखक: संजय बौहरे

  • कॉपी लिंक

प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना में नए फार्म भरे जाने की अफवाह सोशल मीडिया के जरिए फैलाई जा रही है। ठग ग्वालियर शहर व ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को 3 साल पहले भरे गए आवेदन वाट्सएप पर भेज भेज रहे हैं।

इन फार्म पर महिलाओं के फोटो, नाम, नंबर सबकी जानकारी है। आवेदन पत्रों के साथ क्यूआर कोड भेजकर 1350 रुपए की मांग कर रहे हैं। यह आवेदन उनके हाथ कहां से कैसे लगे यह जांच जारी है।

महिलाओं को योजना में शामिल करने और किस्त की राशि 3000 हजार रुपए तक करने का झांसी दे रहे है। कई महिलाएं ठगों के झांसे में आकर स्केनर पर रुपए भेज चुकी है। सोशल मीडिया यह प्रचार भी चल रहा है कि लाड़ली बहनों के लिए शिविर 31 अगस्त तक लगाए जाएंगे। कई महिलाएं इस झांसे में आकर रुपए जमा करा चुकीं हैं।

पुलिस वर्दी पहने ठग 2023 के फॉर्म मोबाइल पर भेजकर महिला से बोला- 1350 रु. भेजो, किस्त शुरू करा दूंगा

अमायन (भिंड) निवासी पूनम ने बताया, 2023 में लाड़ली बहना योजना के फार्म भरे जाने के दौरान ही मैंने फार्म अमायन में भरा था। मुझे अभी याद भी नहीं था। विगत सप्ताह मेरा पुराना भरा गया फार्म मोबाइल पर भेजा गया। इसे दूसरे नंबर पर भेजा गया।

वह फोन नंबर मैंने भरा था या नहीं, यह मुझे याद नहीं है। वाट्सएप के जिस नंबर से फार्म भेजा गया उस पर पुलिस वर्दी में युवक का फोटो था। उसने कहा था कि क्यूआर कोड पर 1350 रुपए भेज दो, ताकि आपका फार्म योजना में शामिल कर आपकी किस्त शुरू कर दी जाएगी। मैंने अपने रिश्तेदारों से चर्चा की तो उन्होंने पता कर बताया कि अभी ऐसी कोई योजना नहीं है।

सोशल मीडिया पर 31 अगस्त तक शिविर के फर्जी विज्ञापन ठग सोशल मीडिया पर ऐसे फर्जी विज्ञापन प्रसारित कर रहे हैं, जिनमें लाड़ली बहना योजना का तीसरा चरण शुरू होने और जिला व तहसील स्तर पर 31 अगस्त तक शिविर लगने का दावा किया जा रहा है। विज्ञापनों में यह भी लिखा जा रहा है कि महिलाएं पंचायत या शिविर में पहुंचकर आवेदन करें।

ठगी का शिकार महिलाएं शिकायत करने से बच रहीं ग्वालियर में कुछ महिलाएं ठगों के आकर क्यूआर कोड के जरिए रुपए भेज चुकी हैं। अधिकांश महिलाएं चुप है, लेकिन प्रशासन को जानकारी नहीं दे रही हैं। प्रदेशभर में ऐसे और मामले होने की आशंका है। बता दें ग्वालियर में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लाड़ली बहना योजना से जुड़ी हैं।

अभी नए पंजीयन नहीं हो रहे हैं... लाड़ली बहना योजना के तहत कोई नया पंजीयन नहीं हो रहा है। सोशल मीडिया पर यह प्रचार गलत है। शासन यदि पंजीयन कराएगा तो इसकी जानकारी शासन के पोर्टल सोशल पर योजना के नियम-कायदे जारी किए जाएंगे। कोई यदि ऐसी अफवाह फैलाकर महिलाओं को ठग रहा है तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। महिला बाल विकास विभाग को जागरूकता व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। -रुचिका चौहान, कलेक्टर, ग्वालियर

भास्कर एक्सपर्ट - धर्मेंद्र शर्मा, साइबर सेल क्राइम ब्रांच

पुराने पंजीयन रिन्यू नहीं होते, ना ही कोई शुल्क लिया जाता

राज्य शासन की योजना में कोई पुराना फार्म भेजकर कर नया पंजीयन नहीं कराया जाता और ना ही कोई शुल्क लिया जाता है। शासकीय योजना का प्रचार सरकारी पोर्टल से किया जाता है। किसी भी सोशल मीडिया पर भ्रामक विज्ञापन पर भरोसा करने से पहले सरकारी पोर्टल पर उसकी पु​ष्टि करना चाहिए।

पुराने फार्म भेजकर ठगी की कोशिश की जा रही है। ऐसे फार्म भेजने के स्थान व जिस मोबाइल नंबर से इसे भेजा गया है उसकी पड़ताल कर ठग की तलाश की जा रही है।

.