154-PTI पद भर्ती विज्ञापन से बाहर, सड़क पर उतरे अभ्यर्थी: BPED-MPED कैडिंडेट्स ने उठाए सवाल, मंत्री से जवाब लेने पहुंचे तो पुलिस ने खदेड़ा - Chhattisgarh News

छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। 28 जुलाई 2026 को लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) द्वारा जारी 1654 शिक्षक पदों के विज्ञापन में व्यायाम शिक्षक (PTI/खेल शिक्षक) के पद शामिल नहीं किए गए हैं।

.

इसे लेकर बीपीएड (BPED) और एमपीएड (MPED) योग्यताधारी अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। प्रशिक्षित व्यायाम शिक्षक संघ का दावा है कि वर्ष 2025 में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए 5000 पदों के भर्ती प्रस्ताव में 154 व्यायाम शिक्षक (PTI) के पद शामिल थे।

विभाग की ओर से पूर्व में स्वीकृत पद।

विभाग की ओर से पूर्व में स्वीकृत पद।

वित्त विभाग की नोटशीट में भी इन 154 पदों का उल्लेख है और इन पदों पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई थी। संघ का आरोप है कि वित्तीय मंजूरी और संवर्गवार रोस्टर जारी होने के बाद भी अंतिम भर्ती विज्ञापन से इन पदों को बिना किसी पूर्व सूचना के हटा दिया गया।

नोटिफिकेशन में पीटीआई के 154 पद गायब।

नोटिफिकेशन में पीटीआई के 154 पद गायब।

154 पदों पर दोबारा भर्ती की मांग

प्रशिक्षित व्यायाम शिक्षक संघ ने शासन ने कहा है कि 5000 पदों के मूल भर्ती प्रस्ताव में 154 व्यायाम शिक्षक पद शामिल थे। वित्त विभाग की मंजूरी के बाद रोस्टर भी जारी हो चुका था।

इसके बावजूद अंतिम विज्ञापन में व्यायाम शिक्षक के पद हटा दिए गए। यह फैसला शारीरिक शिक्षा के हितों के विपरीत है और हजारों BPED एवं MPED योग्यताधारी युवाओं के भविष्य को प्रभावित करेगा।

कई अभ्यर्थी आयु सीमा के अंतिम चरण में हैं, इसलिए यदि भर्ती नहीं हुई तो उन्हें स्थायी नुकसान होगा। संघ ने शासन से व्यायाम शिक्षक के पदों को पुनः बहाल कर अलग से विज्ञापन जारी करने की मांग की है।

शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे अभ्यर्थी

अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे सरकार से अपनी बात रखना चाहते थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया, जिससे अभ्यर्थियों में और नाराजगी बढ़ गई।

विवाद का बैकग्राउंड समझिए

14 अक्टूबर 2025 की वित्त विभाग की नोटशीट में 5000 पदों की भर्ती का प्रस्ताव दर्ज है। इसमें 154 PTI पद शामिल थे। उसी नोटशीट में केवल योग प्रशिक्षक (146) और व्याख्याता (कम्प्यूटर) 146 यानी कुल 292 पदों पर यह कहते हुए आपत्ति जताई गई थी कि ये पद सृजित नहीं हैं। PTI के 154 पदों पर ऐसी कोई आपत्ति दर्ज नहीं थी।

इसके विपरीत, 28 जुलाई 2026 को जारी DPI के संक्षिप्त विज्ञापन में केवल 1654 शिक्षक पदों की भर्ती निकाली गई है, जबकि PTI के पदों का कोई उल्लेख नहीं है।

सरकार का पक्ष आना बाकी

फिलहाल इस मामले में सरकार या स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वित्त विभाग की नोटशीट में शामिल PTI के 154 पद अंतिम विज्ञापन में क्यों शामिल नहीं किए गए। अभ्यर्थी इस संबंध में आधिकारिक स्पष्टीकरण और पदों की बहाली की मांग कर रहे हैं।