नेपाल बाढ़: 166 बचाए गए, 275 भारतीय अब भी लापता; मरने वालों का आंकड़ा 1200 के पार

नेपाल बाढ़: 166 बचाए गए, 275 भारतीय अब भी लापता; मरने वालों का आंकड़ा 1200 के पार

नेपाल बाढ़ त्रासदीImage Credit source: PTI

नेपाल की विनाशकारी बाढ़ ने सिर्फ नेपालवासियों को ही नुकसान नहीं पहुंचाया बल्कि भारतीयों समेत दुनियाभर के लोगों को इसने अपनी चपेट में ले लिया. विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल-तिब्बत सीमा के पास आई भीषण बाढ़ के बाद 275 भारतीय अब भी लापता हैं, जबकि 166 अन्य लोगों को बचा लिया गया है. वहीं, मंत्रालय ने यह भी बताया कि चीन से नेपाल में 1,907 भारतीय नागरिक सुरक्षित पहुंच गए हैं. अब चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में कोई भी भारतीय यात्री फंसा हुआ नहीं है.

दरअसल, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें बताया कि 26 अगस्त को नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद से भारत ने करीब 95 टन राहत सामग्री नेपाल को भेजी है. नेपाल के अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों से बचावकर्मियों द्वारा और शव बरामद किए जाने के बाद बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 1,295 हो गई है. हालांकि बचाव और तलाशी अभियान जारी रहने के बीच आपातकालीन दलों ने 12,000 से अधिक लोगों को बचा लिया है, जबकि करीब 5,000 लोग अब भी लापता हैं.

नेपाल के साथ संपर्क में भारत सरकार

रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हमारी जानकारी के अनुसार, 275 भारतीय नागरिक अब भी लापता हैं. हम नेपाल सरकार के साथ लगातार करीबी संपर्क में हैं. हम इस संबंध में नेपाल के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हैं. अब तक 166 भारतीय नागरिकों को बचाया गया है और 1,907 भारतीय नागरिक चीन से सुरक्षित रूप से नेपाल पहुंच चुके हैं’.

भारत ने नेपाल पहुंचाई 95 टन राहत सामग्री

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत नेपाल सरकार की जरूरतों के अनुसार उसकी सहायता जारी रखेगा. उन्होंने कहा कि हम नेपाल सरकार के अनुरोध पर और अधिक फॉरेंसिक किट, बेली पुल और अन्य सामग्री भेजने की योजना बना रहे हैं. जायसवाल ने बताया कि भारत अब तक सात विमानों के जरिए करीब 95 टन राहत सामग्री नेपाल भेज चुका है.

उन्होंने कहा, ‘राहत सामग्री के अलावा हमने नेपाल में राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए 54 कर्मियों को भी भेजा है. इनमें 30 सुरंग बचाव विशेषज्ञ, 19 फॉरेंसिक विशेषज्ञ और पांच सदस्यीय चिकित्सा दल शामिल हैं. हमारे बचाव और फॉरेंसिक दल मौके पर तैनात हैं और वो नेपाल के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं’.

ये भी पढ़ें: न शव मिला, न जिंदा मिले…नेपाल में टनल खोदने के बाद भी 39 मजदूरों का कुछ पता नहीं?

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More

google button