सीवर लाइन आगे निकली, घर पीछे छूटे: 169.84 करोड़ का प्रोजेक्ट, पंपिंग स्टेशन का काम 60 प्रतिशत बाकी - Udaipur News

शहर में सीवर व्यवस्था सुधारने के लिए अमृत योजना 2.0 के तहत नगर निगम की ओर से 169.84 करोड़ की सीवर लाइनें बिछाने का काम किया जा रहा है। प्रोजेक्ट में 148.262 किमी सीवर लाइन बिछाने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक 115.200 किमी लाइन बिछाई जा चुकी है। यानी लाइ

.

इसके मुकाबले 18,620 घरों को सीवर कनेक्शन देने का लक्ष्य है, लेकिन अब तक सिर्फ 5,665 घर ही जुड़े हैं। यानी घरेलू कनेक्शन का काम महज 30.4% तक पहुंचा है और 12,955 घर अभी सीवर कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। वजह यह है कि सीवेज पंपिंग स्टेशन का काम भी सिर्फ 40 प्रतिशत हुआ है। दूसरी ओर, सीवर लाइन डालने के लिए काटी गई 118.535 में से 106.844 किमी सड़क बहाल हो चुकी है। यानी सड़क बहाली करीब 90.1% है। परियोजना मई 2023 में शुरू हुई थी और इसी साल दिसंबर तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है।

40 माह में 78% काम, 2 माह शेष 30% घरों में ही किए कनेक्शन

सेवाश्रम, सेक्टर-3, शास्त्री नगर, नेमीनाथ नगर, डोरे नगर, माली कॉलोनी, कुंभा नगर, न्यू शिवा नगर, परिवहन कॉम्प्लेक्स, टेकरी, आनंद विहार, गायरियावास, संतोष नगर, न्यू स्वामी नगर, सेक्टर-8, मादड़ी, सत्यम शिवम कॉलोनी और रेती स्टैंड स्थित एलआईसी ऑफिस में काम पूरा हो चुका है।

70% घरों को इंतजार

लक्ष्मी नगर में आधा काम बाकी है। वहीं रूपाजी की बाड़ी, सेक्टर-11, सेक्टर-13, गवरी चौक, महाराणा प्रताप कॉलोनी, मुर्शीद नगर और बरकत कॉलोनी में पूरा काम होना बाकी है।

11.69 किमी सड़कें सुधरेंगी

सीवर लाइन बिछाने के लिए शहर में 118.535 किमी सड़क की कटिंग की गई। इसमें 105.632 किमी डामर सड़क, 9.365 किमी सीसी सड़क, 2.879 किमी कच्ची और 659 मीटर अन्य सड़कें शामिल हैं। इनमें से 106.844 किमी सड़क बहाल की जा चुकी है। 11.691 किमी की मरम्मत बाकी है। इसमें 10.836 किमी हिस्सा डामर सड़क का और 855 मीटर सीसी सड़क का है।

112 करोड़ के बिल पास

सीवर लाइन डालने का प्रोजेक्ट 169.84 करोड़ का है। प्रगति रिपोर्ट के अनुसार अब तक इसमें से 111.87 करोड़ रुपए के बिल पास हो चुके हैं। यानी परियोजना राशि का करीब 65.9% हिस्सा निगम से दिया जा चुका है। भारी-भरकम राशि उठने के बावजूद अब तक सिर्फ 30.4% घरों को ही सीवर लाइन से जोड़ा जा सका है।

ये प्रमुख काम भी बाकी

21.578 करोड़ में मेन होल, चैंबर, ट्रेंचलेस लाइन और सीवेज पंपिंग स्टेशन का काम भी जारी है। 8 हजार 511 में से 5 हजार 654 मेनहोल बने हैं, 2,857 बाकी हैं। इनकी प्रगति 65.87% है। 12 हजार 410 में से 9 हजार 396 इंस्पेक्शन चैंबर तैयार हुए हैं। 3 हजार 14 बाकी हैं। इनकी प्रगति 75.85% है। 3.61 किमी की ट्रेंचलेस सीवर लाइन में से 3.33 किमी का काम हो चुका, 276 मीटर बाकी है।