बलूचिस्तान में ट्रक में विस्फोटक लाद रहे थे आतंकवादी, तभी हुआ जोरदार धमाका; 18 आतंकी ढेर, तीन नागरिकों ने भी तोड़ा दम
दुनिया
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Aug 12, 2026, 11:08 PM IST
Balochistan Blast: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बुधवार को विस्फोटक से लदे ट्रक में धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने एक अभियान चलाया। इसमें 18 आतंकवादी मारे गए, जबकि तीन आम नागरिकों की भी मौत हो गई।
![]()
बलूचिस्तान में विस्फोटकों से लदे ट्रक में अचानक हुआ धमाका (फोटो साभार: AI)
Balochistan Blast: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक ट्रक में विस्फोटक तैयार करते समय अचानक धमाका होने और उसके बाद चलाए गए सुरक्षा अभियान में 18 आतंकवादी मारे गए, जबकि तीन आम नागरिकों की भी मौत हुई।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक, यह विस्फोट बलूचिस्तान के सुराब जिले में उस समय हुआ, जब आतंकवादी विस्फोटकों से लदे वाहन को तैयार कर रहे थे।
विस्फोटकों से लदे ट्रक में हुआ धमाका
सेना की मीडिया शाखा ने बताया कि सुरक्षा बलों ने सोहराब इलाके में आतंकवादियों के एक समूह को एक ट्रक में विस्फोटक सामग्री लादते हुए देखा था। इसके बाद अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान ट्रक में विस्फोट हो गया, जिसमें मौके पर ही 8 आतंकवादी और तीन आम नागरिकों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल और बलूचिस्तान पुलिस मौके पर पहुंची और संयुक्त अभियान चलाया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, विस्फोट के बाद भाग रहे आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान तेज किया, इस दौरान हुई मुठभेड़ में 10 और आतंकवादी मारे गए।
मुठभेड़ में दो सैनिक हुए घायल
सेना के मुताबिक, इन घटनाओं में अब तक कुल 18 आतंकियों को ढेर किया जा चुका है। सेना ने बताया कि आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में दो सैनिक भी घायल हुए हैं। इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि वहां छिपे अन्य आतंकियों को ढेर किया जा सके।
पाकिस्तानी सेना ने कहा कि देश से आतंकवाद के खतरे को समाप्त करने के लिए सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेसियों का आतंकवाद रोधी अभियान तेजी से चल रहा है। सरकारी रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, बलूचिस्तान में रविवार और सोमवार को दो दिनों के दौरान 20 आतंकियों को मार गिराया गया था।
![]()
अनुराग गुप्ताauthor
अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- World
End of Article