अगले 18 घंटे भारी! उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट, 3 जिलों में स्कूल बंद; 17 सड़कें ठप

लैंडस्लाइड होने से कई जगहों पर सड़कें बंद हो गई हैं.
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले 18 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है.
10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और चमोली समेत कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर आने की संभावना है. यह मौसम संबंधी चेतावनी 1 सितंबर 2026 की शाम 3:58 बजे से 2 सितंबर 2026 की सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहने की बात कही गई है.
ये भी पढे़ं- बारिश से बेहाल पहाड़! मसूरी-देहरादून मार्ग पर लैंडस्लाइड, नैनीताल में दुकानों तक पहुंचा मलबा
नैनीताल और अल्मोड़ा के लिए रेड अलर्ट
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नैनीताल और अल्मोड़ा के कुछ इलाकों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है. चौखुटिया, भिकियासैंण, रानीखेत, भनोली, कटारमल, जैती, रामनगर, भीमताल, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, कोटाबाग, भवाली और द्वाराहाट समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम बेहद खराब रहने की आशंका है. तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है.
3 जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में स्कूलों की छुट्टी के आदेश जारी किए गए हैं. मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है. संवेदनशील इलाकों में SDRF की टीमों को भी तैयार रखा गया है. लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें.
पिथौरागढ़ में 17 सड़कें बंद, 400 से ज्यादा वाहन फंसे
सीमांत जिले पिथौरागढ़ में सोमवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है. भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है. पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले की करीब 17 सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है. मुन्ना बैंड के पास भारी मात्रा में मलबा आने के कारण सड़क बंद हो गई. इसके चलते टैक्सी, बस और ट्रकों समेत 400 से अधिक वाहन अलग-अलग स्थानों पर फंस गए हैं. प्रशासन सड़कों को खोलने का प्रयास कर रहा है.
नदियां उफान पर, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
लगातार बारिश के कारण काली, रामगंगा, सरयू और गोरी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. कई नदी और नाले उफान पर हैं. प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है. पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है. लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से मौसम की चेतावनियों पर ध्यान देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है.

अवनीश कुमार पाल
देहरादून के रहने वाले अवनीश कुमार पाल ने DAV कॉलेज देहरादून से ग्रेजुएशन के साथ-साथ निजी इंस्टीट्यूट से मास कम्युनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वर्तमान में वो टीवी 9 नेटवर्क के साथ जुड़े हुए हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 16 वर्षों से सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अपने 16 वर्षों के पत्रकारिता करियर में उन्होंने साधना न्यूज़, ज़ी न्यूज़, ईटीवी, न्यूज़18, नेशनल वॉइस न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. पत्रकारिता के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और बड़े आयोजनों की कवरेज की. इनमें इंडियन मिलिट्री अकादमी (IMA) की पासिंग आउट परेड, प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के कार्यक्रम, चारधाम यात्रा, विधानसभा सत्र, लोकसभा चुनाव कवरेज और देहरादून इन्वेस्टर समिट शामिल है. इसके अलावा वर्ष 2025 में उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा की लगातार पांच दिनों तक ग्राउंड रिपोर्टिंग की. न्यूज़18 में कार्यकाल के दौरान देहरादून के एक निजी मेडिकल कॉलेज में परीक्षा में नकल की एक्सक्लूसिव खबर प्रसारित कर परीक्षा रद्द करवाना उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है.
Read More