सोलर सिटी बनेगा नया रायपुर: 18 विभागों के लिए तैयार हुई योजना, सरकार ने 'रेस्को मॉडल' को दी मंजूरी - Haribhoomi
प्रदेश में भी सोलर से बिजली का उत्पादन करने का काम अब तेजी से करने की तैयारी चल रही है। क्रेडा कई योजनाओं पर काम कर रहा है।
नवा रायपुर के लिए सरकार के रेस्को माडल को मंजूरी
- Published: 18 Jul 2026, 10:33 AM IST
- Last Updated: 18 Jul 2026, 10:33 AM IST
रायपुर। प्रदेश में भी सोलर से बिजली का उत्पादन करने का काम अब तेजी से करने की तैयारी चल रही है। क्रेडा कई योजनाओं पर काम कर रहा है। नया रायपुर को सोलर सिटी भी बनाने की तैयारी है। इसके लिए क्रेडा ने 18 विभागों के लिए 2370 किलोवाट की योजना तैयार की है। इस योजना को प्रदेश सरकार से मंजूरी भी मिल गई है।
पहले 10 मेगावाट बिजली के उत्पादन का 65 करोड़ का प्रस्ताव प्रदेश सरकार के पास भेजा था, लेकिन इसको नामंजूर करके क्रेडा को हर विभाग के लिए अलग-अलग योजना बनाकर देने के लिए कहा गया है। अब क्रेडा ने हर विभाग के लिए अलग-अलग योजना तैयार कर प्रस्ताव भेजा, तो इसको राज्य सरकार ने रेस्को मॉडल में पूरा करने के लिए कहा है। देश में लगातार बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए अब केंद्र सरकार ने सोलर बिजली की तरफ रुख किया है। इसके लिए देश के कई राज्यों में भी काम हो रहा है।
18 विभागों के लिए योजना
नया रायपुर में अभी पूरी बसाहट नहीं हुई है, लेकिन यहां पर मंत्रालय, सरकारी और कई निजी संस्थानों के साथ मुख्यमंत्री, मंत्रियों के बंगले भी हैं। क्रेडा ने अब 18 विभागों के लिए अलग-अलग योजना तैयार की है। इसमें सबसे ज्यादा 500 किलोवाट की योजना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की है। इसी के साथ रिटेल कांप्लेक्स के लिए 400 किलोवाट, सीएसआईडीसी मेला स्थल के लिए 250 किलोवाट, ऑफिस कांप्लेक्स के लिए 200 किलोवाट, आदिवासी संग्रहालय के लिए 200 किलोवाट, कमर्शियल कांप्लेक्स के लिए 100 किलोवाट, स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के लिए 90 किलोवाट की योजना तैयार की है।
रेस्को मॉडल में लगाने की अनुमति
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि, नया रायपुर को सोलर सिटी बनाने लिए अलग-अलग विभागों की योजना बनाकर प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था, राज्य सरकार ने रेस्को मॉडल में इस योजना को पूरा करने की अनुमति दी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)