रायपुर बनेगा ‘विद्यावंशी’ धर्मनगरी : 19 जुलाई को मुनि आगम सागर महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश, तैयारियों में जुटा जैन समाज - Haribhoomi

18 वर्षों बाद रायपुर में मुनि आगम सागर महाराज ससंघ का चातुर्मास 2026 होने जा रहा है। 19 जुलाई को होगा भव्य मंगल प्रवेश, सकल जैन समाज तैयारियों में जुटा है।

The entire Jain community present in the Acharya Vidyasagar Hall

आचार्य विद्यासागर हॉल में उपस्थित समस्त जैन समाज

  • Published: 12 Jul 2026, 05:24 PM IST
  • Last Updated: 12 Jul 2026, 05:24 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए यह एक अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर है। वर्षों से जिस पावन क्षण की प्रतीक्षा थी, वह अब साकार होने जा रहा है। लगभग 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद रायपुर की पावन धरा पर मुनि संघ के सानिध्य में वर्षायोग का सौभाग्य प्राप्त होने जा रहा है। परम पूज्य आचार्य भगवन 108 विद्यासागर महाराज की प्रेरणा और वर्तमान आचार्य समय सागर महाराज के मंगल आशीर्वाद से ‘विद्यावंशी चातुर्मास 2026’ का आयोजन श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में होने जा रहा है।

रायपुर में गूंजेगा धर्म-साधना का संदेश
रायपुर में 108 मुनि आगम सागर महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में होने वाला यह चातुर्मास धर्म, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। इस ऐतिहासिक आयोजन का भव्य शुभारंभ 19 जुलाई 2026 को मुनि आगम सागर महाराज के मंगल प्रवेश के साथ होगा। इस अवसर को अविस्मरणीय बनाने के लिए सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।Jain Samajमुनि श्री के आगमन को लेकर समाज में उत्साह
श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर के मैनेजिंग ट्रस्टी नरेंद्र जैन गुरुकृपा एवं अध्यक्ष संजय नायक जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि, मुनि के आगमन को लेकर समाज में विशेष उत्साह का वातावरण है। चातुर्मास के दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

चातुर्मास की तैयारियों को लेकर समाज की महत्वपूर्ण बैठक
इसी क्रम में ‘विद्यावंशी चातुर्मास 2026’ की व्यवस्थाओं को लेकर रविवार 12 जुलाई को सुबह 9 बजे श्री विद्यासागर हॉल, मालवीय रोड में सकल दिगंबर जैन समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के विभिन्न दिगंबर जैन मंदिरों के प्रमुख, समाज के वरिष्ठजन एवं महिला मंडल की पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

Jain Samajव्यवस्थाओं को सुचारू बनाने उप-समितियों का गठन
बैठक में चातुर्मास की व्यवस्थाओं को बेहतर और सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न उप-समितियों का गठन किया गया। समाज के सक्रिय सदस्यों को उनकी रुचि, अनुभव और दक्षता के अनुरूप जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि गुरुदेव के स्वागत से लेकर पूरे चातुर्मास काल में श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

संपूर्ण समाज से सहयोग का आह्वान
‘श्री विद्यावंशी चातुर्मास समिति वर्ष 2026’ एवं ‘श्री दिगंबर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट, मालवीय रोड’ ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से आह्वान किया है कि वे तन-मन-धन से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनें। समिति ने कहा कि यह चातुर्मास किसी एक संस्था का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे रायपुर दिगंबर जैन समाज का गौरव और आध्यात्मिक उत्सव है।

रायपुर में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का उत्साह
18 वर्षों बाद मिल रहे इस दुर्लभ अवसर को लेकर रायपुर में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण निर्मित हो गया है। अब सभी की निगाहें 19 जुलाई के उस ऐतिहासिक दिन पर हैं, जब मुनि आगम सागर महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश होगा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)