19,383 अनमैप्ड मतदाताओं को भेजे जाएंगे नोटिस, जिले में 3 नए पोलिंग स्टेशन भी बने - Nawanshahr (Shaheed Bhagat Singh Nagar) News

.

जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। घर-घर जाकर की गई गणना के दौरान जिले के 4,82,925 पंजीकृत मतदाताओं में से 4,46,702 मतदाताओं के गणना फॉर्म डिजिटाइज कर लिए गए हैं। इस तरह जिले में 92.50 प्रतिशत मतदाताओं को कवर किया गया है। जिला चुनाव अधिकारी कम डीसी गुलप्रीत सिंह औलख ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घर-घर गणना का कार्य 3 अगस्त को पूरा हो गया था। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि चुनाव अमले की मेहनत, राजनीतिक दलों, मीडिया और आम जनता के सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि 36,223 मतदाताओं के गणना फॉर्म नहीं मिल सके। इनमें 7,338 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, 20,342 मतदाता स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं और 6,779 मतदाता अनुपस्थित थे। अधिकांश मामलों में संबंधित मतदाता पंजीकृत पते पर नहीं मिले। शेष मामलों का निपटारा एसआईआर की आगामी प्रक्रिया में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, जिला चुनाव कार्यालय, निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों के पास उपलब्ध रहेंगी। डीसी ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं होगा, वे 13 अगस्त से 12 सितंबर तक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकेंगे। इसके लिए संबंधित ईआरओ या बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। डीसी ने बताया कि जिले में 19,383 अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान की गई है, जिन्हें 13 अगस्त से नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस मिलने पर मतदाता चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 12 दस्तावेजों में से कोई एक, जैसे जन्म प्रमाण पत्र या शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जमा कर अपना पक्ष रख सकेंगे। दस्तावेजों की जांच और सुनवाई के बाद ईआरओ आवश्यक आदेश जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए 615 बीएलओ, 62 सुपरवाइजर, 6 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी, 3 निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी सहित अन्य चुनाव अधिकारियों और फील्ड स्टाफ ने लगातार कार्य किया। उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान के साथ पोलिंग स्टेशनों के पुनर्गठन के तहत जिले में 3 नए पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में पोलिंग स्टेशनों की संख्या 615 से बढ़कर 618 हो गई है। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी ।