बिहार: 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: पटना में आज भी छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश की संभावना; राज्य में 46% कम वर्षा - Patna News
बिहार में शनिवार को मानसून की अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। जबकि पटना समेत 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।
.
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अभी मानसून सक्रिय है। अगले पांच दिनों तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, पटना समेत कुछ जिलों में धूप के बाद उमस भरी गर्मी एक बार फिर परेशान कर सकती है।
1 जून से 11 जुलाई तक बिहार में कुल 155.9mm बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 288.5mm होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में अब भी 46% बारिश की कमी बनी हुई है।
हालांकि सक्रिय मानसून के कारण कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे बारिश की कमी धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है। मौसम वेबसाइट विंडी.कॉम के मुताबिक बादल अभी बिहार और पूर्वी हिस्सों की तरफ मौजूद हैं।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
पटना समेत 15 जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हुई। बांका, बक्सर, खगड़िया, किशनगंज, मधुबनी, जहानाबाद समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। बारिश के बाद कई जिलों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
दरभंगा में नगर निगम ऑफिस, टाउन हॉल रोड, DMCH कॉलेज परिसर और मेडिसिन वार्ड में पानी भर गया, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बेगूसराय के कई इलाकों में सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भर गया।
पटना के मोकामा रेफरल अस्पताल में बारिश का पानी सीढ़ियों से होते हुए वार्ड तक पहुंच गया। इस कारण OPD, दवा वितरण केंद्र और रजिस्ट्रेशन काउंटर ठप हो गया। इलाज के लिए पहुंचे लोग खड़े होने के लिए जगह तलाशते रहे।
वहीं, पटना के मुख्य सचिवालय में पानी भर गया। राजवंशी नगर स्थित LNJP हॉस्पिटल में पानी भरा है। डॉक्टर्स के चेंबर तक पानी आ गया। इसके अलावा राजीव नगर, पटना सिटी के कई गली-मोहल्लों में घुटने तक पानी भर गया।
बिहार में बारिश के बाद की तस्वीर देखिए…

मोकामा रेफरल अस्पताल में शनिवार को बारिश का पानी सीढ़ियों से होते हुए वार्ड तक पहुंच गया। इलाज के लिए पहुंचे लोग खड़े होने के लिए जगह तलाशते रहे।

पटना के LNLP अस्पताल में पानी भरने की वजह से मरीज को गोद में लेकर जाते परिजन।

पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र की नई सड़क पर घुटने तक पानी भर गया।

DMCH कॉलेज कैंपस और मेडिसिन वार्ड में पानी भर गया। मरीज परेशान दिखे।

पटना के राजवंशी नगर में बारिश के बाद एक बड़ा पेड़ सड़क किनारे गिर गया। जिससे रास्ता बंद हो गया।
24 घंटे में कहां कितनी बारिश, ग्राफिक्स से जानिए…

सबसे गर्म रहा पूर्णिया
पिछले 24 घंटों में बिहार में बारिश की गतिविधियां सक्रिय रही है। अधिकांश क्षेत्र में अच्छी बारिश भी दर्ज हुई है। इस दौरान कैमूर 34.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, मुजफ्फरपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पटना, खगड़िया, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका और कटिहार जैसे जिलों में सामान्य से काफी अधिक वर्षा दर्ज की गई है। वहीं मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गया, जमुई, औरंगाबाद और सीवान में अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम…
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी पटना में भी 12 से 15 जुलाई तक बादल छाए रहेंगे। रुक-रुककर बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी होती रहेगी। तापमान 32 डिग्री रहने की उम्मीद है।
- 11 जुलाई: बिहार के अधिकांश हिस्से में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 30-40 km/h की रफ्तार से हवा चल सकती है। पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में भारी बारिश हो सकती है।
- 12 जुलाई: पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में 30-40km/h की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।
- 13 जुलाई: पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद में 30-40km/h की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।
देश के 70% हिस्से से मानसूनी बादल गायब, बादल बिहार और पूर्वी हिस्से की तरफ खिसके
पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र समेत देश के 7 राज्यों में अगले 5 दिन कम बारिश होने की संभावना है। ऐसा इसलिए, क्योंकि देश के 70% हिस्से से बादल गायब हो गए हैं।
IMD की नई सैटेलाइट तस्वीरों और विंडी.कॉम के मुताबिक बादल पूर्व और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे- उत्तराखंड, यूपी, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा की तरफ चले गए हैं।

मानसूनी बादलों के गायब होने की यह तस्वीर विंडी.कॉम ने जारी की है। जिसमें बादल केवल बिहार और पूर्वी हिस्से में दिखाई दे रहे हैं।