बिहार में 2 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी, 100 नई MBBS सीटें बढ़ीं

बिहार में 2 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी,Image Credit source: Getty Images
बिहार में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए जरूरी अपडेट है. नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने राज्य में दो नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने को मंजूरी दे दी है. इनमें सरकारी मेडिकल कॉलेज, छपरा (सारण) और राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, समस्तीपुर शामिल हैं. दोनों कॉलेजों में एकेडमिक ईयर 2026-27 से MBBS की पढ़ाई शुरू होगी. प्रत्येक कॉलेज को 50-50 MBBS सीटों पर एडमिशन लेने की अनुमति मिली है. यानी बिहार को कुल 100 नई MBBS सीटें मिल गई हैं. इससे राज्य में मेडिकल एजुकेशन का विस्तार होगा और छात्रों को दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है.
दो नए मेडिकल कॉलेजों को मिली मंजूरी
NMC के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने दोनों संस्थानों को अनुमति पत्र (LoP) जारी किया है. इन कॉलेजों के लिए पहले NMC के सामने आवेदन किया गया था. आवेदन में प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में हर साल 100 MBBS सीटों पर एडमिशन की मांग की गई थी. हालांकि, फिलहाल दोनों कॉलेजों को 50-50 सीटों के साथ शुरुआत करने की मंजूरी मिली है.
50-50 छात्रों को MBBS में एडमिशन दिया जा सकेगा
समस्तीपुर के राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और छपरा के सरकारी मेडिकल कॉलेज में 2026-27 सेशन से 50-50 छात्रों को MBBS में एडमिशन दिया जा सकेगा. इससे बिहार में मेडिकल एजुकेशन के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या बढ़ेगी.
स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य में मेडिकल एजुकेशन बढ़ाने, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में अहम है.
नजदीक MBBS की पढ़ाई का अवसर
नए कॉलेज शुरू होने से छपरा और समस्तीपुर के आसपास रहने वाले छात्रों को अपने क्षेत्र के नजदीक MBBS की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा. साथ ही इन संस्थानों से आने वाले समय में डॉक्टरों और स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है. इससे स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में मदद मिल सकती है. बिहार में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिहाज से यह फैसला अहम माना जा रहा है.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More