फेक ऑनलाइन पेमेंट से ठगी की कोशिश, 2 युवक पकड़ाए: प्रयागराज में दुकानदार को फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया, साउंडबॉक्स ने खोला राज - Prayagraj (Allahabad) News
प्रयागराज के सिविल लाइंस में रविवार को दो युवकों ने फर्जी ऑनलाइन पेमेंट के जरिए दुकानदार को ठगने की कोशिश की। एजी ऑफिस के पास दुकान पर पहुंचे युवकों ने 1300 रुपए नकद मांगे और बदले में खाते में 1400 रुपए भेजने का लालच दिया। युवकों ने भुगतान का स्क्रीन
.
दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और दोनों को पकड़ लिया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल लाइंस थाने ले गई। पूछताछ में दोनों ने खुद को धूमनगंज का रहने वाला बताया। पुलिस के मुताबिक, इनमें एक 12वीं का छात्र है, जबकि दूसरा ग्रेजुएशन कर रहा है। दुकानदार ने लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दी।

मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस।
1300 नकद के बदले 1400 ऑनलाइन देने का दिया लालच
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक रविवार दोपहर एजी ऑफिस के पास दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदार से कहा कि उन्हें 1300 रुपए नकद चाहिए। इसके बदले वे उसके खाते में 1400 रुपए ऑनलाइन भेज देंगे। इस तरह दुकानदार को 100 रुपए का फायदा होने की बात कहकर भरोसे में लेने की कोशिश की गई।
युवकों ने इसके बाद ऑनलाइन भुगतान का स्क्रीनशॉट भी दुकानदार को दिखा दिया। हालांकि दुकान पर लगा यूपीआई साउंड बॉक्स भुगतान होने की पुष्टि नहीं कर रहा था। कोई आवाज या भुगतान का मैसेज नहीं आया। यहीं दुकानदार को मामला संदिग्ध लगा।
ट्रांजैक्शन हिस्ट्री मांगी तो भागने लगे
दुकानदार ने युवकों से कहा कि अगर भुगतान हो गया है तो मोबाइल में यूपीआई की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री दिखाओ। इसके बाद दोनों असहज हो गए। उन्होंने वहां से निकलने की कोशिश की तो दुकानदार को शक और गहरा हो गया।
दुकानदार ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद डायल 112 की टीम पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए सिविल लाइंस थाने ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक जिस बाइक से आए थे, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।
शिकायत नहीं मिली तो परिजनों को बुलाया
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि दुकानदार ने मामले में लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया। शिकायत नहीं मिलने पर दोनों युवकों के परिवार वालों को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, एक युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि दूसरे के परिवार वालों के आने का इंतजार किया जा रहा था।