भास्कर अपडेट्स: जहरीली शराब के बनने, ट्रांसपोर्टेशन और बिक्री पर रोक लगाने की नीति बनाएं, सुप्रीम कोर्ट का सुझाव

भास्कर अपडेट्स:जहरीली शराब के बनने, ट्रांसपोर्टेशन और बिक्री पर रोक लगाने की नीति बनाएं, सुप्रीम कोर्ट का सुझाव

नई दिल्ली10 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जहरीली और नकली शराब से होने वाली मौतों को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल वाली रणनीति अपनाने की जरूरत बताई।

राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने महाराष्ट्र पॉइजन रूल्स के नियमों को रद्द करते हुए ये सुझाव दिए। मुंबई में जहरीली शराब त्रासदी के बाद ये नियम 2011 में जोड़े गए थे।

कोर्ट ने कहा कि अवैध शराब की मांग और आपूर्ति, दोनों पर एक साथ रोक लगाना जरूरी है। राज्यों को अपनी सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने की सलाह दी गई है, क्योंकि शराब राज्य के भीतर भी बनती है और बाहर से भी लाई जाती है।

आज की अन्य बड़ी खबरें...

कर्नाटक में तुलु राज्य की दूसरी एडीशनल लैंग्वेज बनी; यह द्रविड़ भाषा, 18.5 लाख से ज्यादा लोग बोलते हैं

कर्नाटक कैबिनेट ने तुलु को राज्य की दूसरी अतिरिक्त भाषा के तौर पर मान्यता देने का फ़ैसला किया है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि शुक्रवार को कर्नाटक कैबिनेट ने तुलु को राज्य की दूसरी अतिरिक्त भाषा के तौर पर मान्यता देने का फैसला किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य रूप से दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में बोली जाने वाली तुलु भाषा में सांस्कृतिक विकास की क्षमता है।

भारत की जनगणना 2011 के अनुसार करीब 18.5 लाख लोगों ने तुलु को अपनी मातृभाषा बताया था। वास्तविक संख्या इससे अलग हो सकती है। तुलु और कन्नड़ अलग हैं। दोनों द्रविड़ भाषाएं हैं, लेकिन तुलु कोई कन्नड़ की बोली नहीं, बल्कि स्वतंत्र भाषा है।

TMC असम का नगांव लोकसभा उपचुनाव नहीं लड़ेगी, नाम और चुनाव चिह्न फ्रीज़ किए जाने के विरोध में राज्य यूनिट का फैसला

TMC की असम यूनिट ने नगांव लोकसभा उपचुनाव न लड़ने का फैसला किया है। पार्टी के राज्य संयोजक ने यह जानकारी दी। यह फैसला चुनाव आयोग के पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न फ्रीज़ किए जाने के विरोध में लिया गया है। पार्टी ने 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए शिक्षाविद अब्दुल सलाम को अपना उम्मीदवार बनाया था।

पार्टी के राज्य संयोजक शेरमन अली अहमद ने कहा, हम अपनी चेयरपर्सन ममता बनर्जी के फैसले का पूरे दिल से समर्थन करते हैं।

तमिलनाडु में शिशुओं को एक ग्राम सोने की अंगूठी देने की योजना, सीएम विजय 28 सितंबर को शुरुआत करेंगे

तमिलनाडु के सीएम सी जोसेफ विजय 28 सितंबर को शिशुओं के लिए एक ग्राम सोने की अंगूठी देने की योजना शुरू करेंगे। तमिलनाडु सरकार के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सरकारी अस्पतालों में पैदा होने वाले बच्चों को अंगूठी दी जाएगी। अंगूठी पर एक खास सीरियल नंबर होगा और इसकी पैकिंग ऐसी होगी जिसे आसानी से छेड़ा या बदला नहीं जा सकेगा। योजना की पहली खेप के लिए 1.28 लाख अंगूठियां खरीदी गई हैं।

गुजरात के अमरेली ने पिता ने 5 साल की बेटी को मारकर फ्रिज में रखा, फिर सुसाइड किया, 3 नोट छोड़े

गुजरात के अमरेली जिले में एक व्यक्ति ने अपनी 5 साल की बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव फ्रिज में रखा और खुद फांसी लगा ली। पुलिस के मुताबिक, किशोर धनक नाम के शख्स ने बेटी का मुंह, हाथ से दबाकर उसकी जान ली।

उसने तीन सुसाइड नोट छोड़े हैं, जिनमें आर्थिक संकट को आत्महत्या की वजह बताया है। उसने लिखा कि बेटी की मौत के बाद उसे तकलीफ न हो, इसलिए उसने उसकी हत्या की।

धनक की पत्नी मंजूबेन 14 सितंबर को अपने पिता के घर गई थीं। बुधवार शाम घर लौटने पर उन्हें धनक और हिमांशी की मौत का पता चला।

मंजूबेन ने धनक को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद उन्होंने बुधवार शाम अपने भाई को धनक का पता लगाने भेजा। भाई ने घर में घुसकर देखा तो धनक का शव छत के पंखे से लटका हुआ था।

मंजूबेन की FIR के मुताबिक, एक नोट में उसने 7.25 लाख लोन की बात लिखी। दूसरे नोट में धनक ने उसने बेटी को मारने की वजह बताई, तीसरे नोट में उसने माफी मांगी और बताया कि उसने बेटी का शव फ्रिज में रखा है।

जम्मू में जन्मदिन की पार्टी में केक लगाने पर विवाद, युवक की चाकू से हत्या; 2 भाई गिरफ्तार

जम्मू के लोअर रूप नगर में बर्थडे पार्टी में केक लगाने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, पवन नायर उर्फ समीर ने जन्मदिन मना रहे नीरज उर्फ अंशु के चेहरे पर केक लगा दिया, जिसके बाद दोनों में बहस हुई।

आरोप है कि गुस्से में नीरज ने खुखरी से पवन की गर्दन पर हमला कर दिया। दोस्तों ने उसे GMC जम्मू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में नीरज और उसके भाई रिशु को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

मुंबई पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय OTP फार्मिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया, 3 गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो OTP फार्मिंग के जरिए भारतीय मोबाइल नंबर और WhatsApp अकाउंट विदेशी साइबर ठगों को तक पहुंचाता था।

पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 669 एक्टिव सिम कार्ड और 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई मुंबई क्राइम ब्रांच की पश्चिम क्षेत्र साइबर पुलिस ने की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार उर्फ बिपिन, धर्मेंद्र गुप्ता और राजीव कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 1.12 करोड़ की ठगी, IIT ग्रेजुएट और बैंक मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार

मुंबई साइबर पुलिस ने 68 साल के एक बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 1.12 करोड़ रुपए ठगने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका एक वेब डेवलपर और एक निजी बैंक का ऑपरेशंस मैनेजर भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारिक मोमिन, राकेश जैन, चिंतन देसाई, शंकर त्यागी, जी. गोहेल और अजय शर्मा के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि गोहेल IIT दिल्ली से BE डिग्री प्राप्त वेब डेवलपर है। उसके खिलाफ 2021 में धोखाधड़ी का एक मामला भी दर्ज हो चुका है।

पीड़ित दहिसर के रहने वाले सेवानिवृत्त कारोबारी हैं। ठगों ने उन्हें करीब दो सप्ताह तक जुलाई और अगस्त के बीच उनके घर में डिजिटल अरेस्ट रखा था।

.