बीओबी ने 2,482 लोकल बैंक ऑफिसर पदों के लिए बढ़ाई आवेदन की अंतिम तिथि, अब 17 सितंबर तक मौका

नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने रेगुलर आधार पर स्थानीय बैंक अधिकारी (लोकल बैंक ऑफिसर) के कुल 2,482 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
बीओबी की ओर से जारी कुल 2,482 रिक्तियों में जनरल के 981, एससी के 358, एसटी के 240, ओबीसी के 600 और ईडब्ल्यूएस के 303 पद शामिल हैं। वहीं, राज्यवार एलबीओ (जेएमजी/एस-आई) पोस्ट के लिए जारी 2,482 रिक्तियों में आंध्र प्रदेश में 80, अरुणाचल प्रदेश में 20, असम में 40, गोवा में 21, गुजरात में 1,185, जम्मू-कश्मीर में 15, कर्नाटक में 418, केरल में 49, महाराष्ट्र में 218, मणिपुर में 15, मेघालय में 15, मिजोरम में 15, नगालैंड में 15, ओडिशा में 100, पंजाब में 34, सिक्किम में 10, तमिलनाडु में 132, तेलंगाना में 50, त्रिपुरा में 8 और पश्चिम बंगाल में 42 पद शामिल हैं।
एलबीओ के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 17 सितंबर तक कर दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे बीओबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें, नहीं तो आपके हाथ से एक शानदार मौका निकल जाएगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की दूसरी अनुसूची में शामिल किसी भी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक में अधिकारी के तौर पर क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम 1 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स उस राज्य की स्थानीय भाषा में माहिर (पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना) होना चाहिए, जिसके लिए वे आवेदन कर रहे हैं।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा/कई राउंड के टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन (जीडी) और/या पर्सनल इंटरव्यू (पीआई), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और स्थानीय भाषा प्रवीणता परीक्षा (एलपीटी) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 48,480 से 85,920 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 850 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/ईएसएम/डीईएसएम और महिलाओं के लिए 175 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम