औरंगाबाद में 2.63 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंची राशि: अगस्त के ₹30.93 करोड़ DBT से ट्रांसफर, हर लाभुक को मिले 1,100 रुपए - Aurangabad (Bihar) News
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त 2026 की पेंशन राशि गुरुवार को जिले के 2,63,070 पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। इस दौरान जिले के लाभुकों के खातों में 30.93 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंची।
.
राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मुंगेर जिले के गंगटा मोड़ से किया गया, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के पेंशनधारियों को पेंशन राशि का अंतरण किया।

कार्यक्रम में मौजूद लोग
राज्य के 105.68 लाख लाभुकों को मिला पेंशन का लाभ
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान बिहार के कुल 105.68 लाख पेंशन लाभुकों के बैंक खातों में 1,233.87 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। प्रत्येक पेंशनधारी को प्रतिमाह 1,100 रुपये की पेंशन राशि प्रदान की गई।
पेंशन राशि प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभुकों के बैंक खाते में अंतरित किए जाने की व्यवस्था है। इससे वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है।
औरंगाबाद समाहरणालय परिसर स्थित योजना भवन के सभा कक्ष में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस मौके पर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता विशेष शाखा मोहम्मद सादुल हसन खां, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तिखार अहमद,
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग महेशानंद और सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग प्रियंका कुमारी सहित पेंशनधारी मौजूद रहे।

बिहार गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ
छह योजनाओं के लाभुकों के खातों में भेजी गई राशि
जिले में छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को पेंशन का लाभ मिला। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 43,650 लाभुकों के खातों में 4.80 करोड़ रुपये से अधिक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 6,357 लाभुकों के खातों में 70.64 लाख रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,391 लाभुकों के खातों में 15.30 लाख रुपये अंतरित किए गए।
इसी तरह मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,62,506 लाभुकों के खातों में 19.70 करोड़ रुपये से अधिक, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 25,133 लाभुकों के खातों में 2.85 करोड़ रुपये से अधिक तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 24,033 लाभुकों के खातों में 2.70 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई।
पात्र लाभुकों को अन्य योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। पात्र लाभुकों को अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी जिला प्रशासन लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान पेंशनधारियों से उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली गई।
पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं शिकायत प्राप्त करने की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर की गई थी। डीएम ने पेंशनधारियों से अपील की कि किसी योजना का लाभ लेने में परेशानी होने पर जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें, ताकि समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।