न्यूयॉर्क के आसमान में चमकी 2,977 जिंदगियों की याद, आसमान में फिर नजर आए ट्विन टावर्स... 9/11 में खोई हर जिंदगी को भावुक श्रद्धांजलि

9/11 की याद में नम हुईं आंखेंImage Credit source: X/@SecDuffy
न्यूयॉर्क हार्बर का आसमान उस वक्त रोशनी से जगमगा उठा, जब 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले 2,977 लोगों को याद करने के लिए हजारों ड्रोन हवा में उड़ाए गए. 9/11 हमलों की 25वीं बरसी से पहले आयोजित इस खास श्रद्धांजलि ने देखने वालों को भावुक कर दिया.
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने इस खास ड्रोन शो का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया. उन्होंने बताया कि आसमान में दिखाई देने वाली हर एक रोशनी 9/11 हमले में मारे गए एक व्यक्ति को समर्पित थी. यानी कुल 2,977 ड्रोन, 2,977 जिंदगियों की याद में आसमान में चमक रहे थे.
आसमान में लिख दी 9/11 की दर्दनाक कहानी
इस खास प्रोग्राम का नाम 2,977 Lights Over New York Harbor रखा गया था. ड्रोन को बेहद खूबसूरती से इस तरह उड़ाया गया कि रात के आसमान में कुछ ही देर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की मशहूर ट्विन टावर्स की बिल्डिंग नजर आने लगी. यह वही इमारतें थीं, जो 11 सितंबर के हमलों के दौरान तबाह हो गई थीं. ये सिर्फ एक ड्रोन शो नहीं था, बल्कि उन लोगों को याद करने की कोशिश थी जिनकी जिंदगी 9/11 की घटना से हमेशा के लिए बदल गई. इसमें हमले में जान गंवाने वाले लोगों के साथ-साथ उनके परिवारों, बचे हुए लोगों, फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स और उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने उस मुश्किल वक्त में लोगों की मदद की.
सीन डफी ने वीडियो शेयर करते हुए इसे अमेरिका की मजबूती और उन बहादुर लोगों की याद बताया, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा दी. उन्होंने पीड़ितों, उनके परिवारों और उस दिन सेवा में जुटे लोगों को याद करते हुए कहा कि उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा.
ड्रोन कंपनी Sky Elements Drone ने भी इस कार्यक्रम का वीडियो अपने X अकाउंट पर शेयर किया. कंपनी ने बताया कि न्यूयॉर्क हार्बर के ऊपर दिखाई देने वाली हर एक रोशनी 9/11 में खोई गई एक जिंदगी का प्रतीक थी. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं. कई लोगों ने इस नजारे को बेहद खूबसूरत होने के साथ-साथ दिल छू लेने वाला बताया. कुछ लोगों ने ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल की तारीफ की, तो कुछ ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ शांतिपूर्ण और अच्छे कामों के लिए किया जाए.
यह भी पढ़ें: Viral Video: सूट पहनकर लड़कियों ने डांस फ्लोर पर मचाया कहर, डांस मूव्स देख पब्लिक बोली वाह क्या बात है
कई लोगों ने अपनी भावनाएं कुछ ही शब्दों में जाहिर कीं. किसी ने लिखा कि Never forget, तो किसी ने कहा कि यह एक शानदार और भावुक श्रद्धांजलि है. वीडियो देखने वाले कई लोगों के लिए रात के आसमान में चमकती हजारों रोशनियां 9/11 की यादों को फिर से सामने ले आईं.
यहां देखिए वीडियो
Ahead of the 25th anniversary of the 9/11 attacks, 2,977 drones lit up the sky over New York Harbor, each representing a life lost on that tragic day.
This breathtaking tribute stands as a solemn reminder of Americas resilience and the extraordinary courage of the heroes and pic.twitter.com/PYVIkTmlaX
— Secretary Sean Duffy (@SecDuffy) September 11, 2026

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.<p></p> अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. <p></p>फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More