नशे में था आरोपी! महिला बाइकर का 2 किमी तक पीछा कर मारी टक्कर, SIT जांच में कई खुलासे
गुरुग्राम (उत्तम हिन्दू न्यूज) : गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने के मामले में विशेष जांच दल (SIT) की जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं। SIT सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कल्याण बैंसला रातभर एक क्लब में पार्टी करने के बाद कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के वक्त कार बैंसला ही चला रहा था।
SIT की जांच के अनुसार, घटना के समय बैंसला की कार में उसके तीन दोस्त भी मौजूद थे। उसका चचेरा भाई लवनीश उसके बगल वाली सीट पर बैठा था। जांच में सामने आया है कि लवनीश ने ही बैंसला को बाइक सवारों का पीछा करने के लिए उकसाया था।
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि के लिए उसके ब्लड और यूरिन सैंपल प्रयोगशाला भेजे हैं। अब पुलिस को जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद इस संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सुबह 6 से 8 बजे तक की फुटेज खंगाली है। SIT सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में टक्कर से पहले आरोपी और बाइकर्स के समूह के बीच काफी देर तक बहस और कहासुनी होती दिखाई दी है।
जांच के मुताबिक, आरोपी और महिला बाइकर शिवानी के बीच पहली कहासुनी सेक्टर-53 मेट्रो स्टेशन के पास हुई थी। इसके बाद कथित तौर पर बैंसला ने अपनी तेज रफ्तार कार से शिवानी का करीब 2 किलोमीटर तक पीछा किया। पुलिस जांच में आरोप है कि पीछा करने के बाद कार से बाइक को जोरदार टक्कर मारी गई।
मामले में पुलिस ने कार में सवार दो अन्य लोगों को भी जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। SIT जल्द ही दोनों के बयान दर्ज करेगी। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा पुलिस दुर्घटना में शामिल कार के मूल मालिक का बयान भी आधिकारिक रिकॉर्ड पर दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
SIT की जांच में डिजिटल सबूत भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। पीड़िता शिवानी उर्फ ‘सिया’ ने अपनी पूरी राइड की रिकॉर्डेड वीडियो फुटेज SIT को सौंप दी है। पुलिस इस फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। वहीं, पुलिस ने बीती रात घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन रीक्रिएट किया था।
पुलिस की जांच फिलहाल जारी है और आरोपी के ब्लड-यूरिन टेस्ट की रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
You Might Be Interested In
- गोपाल कांडा के ठिकानों पर ED की छापेमारी, वाटिका रियल एस्टेट मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच
- हम ऊर्जा सुरक्षा से समझौता नहीं करेंगे…अमेरिका के 100 प्रतिशत टैरिफ की धमकी पर भारत की प्रतिक्रिया
- बिजनेस क्लास का टिकट, सीट मिली इकोनॉमी में; एयर कनाडा ने गिप्पी ग्रेवाल से की बदसलूकी
- हिमाचल की मणिमहेश यात्रा पर अस्थाई रोक, मौसम की खराबी के चलते प्रशासन ने लिया फैसला
- जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के नियम बदलेंगे, 1 अक्टूबर से 2 साल बाद रजिस्ट्रेशन के लिए मजिस्ट्रेट की मंजूरी जरूरी
- एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, पाक ने मांगा न्यूट्रल वेन्यू; हॉकी इंडिया ने कहा- खेलना है तो भारत आना होगा