20 साल पुरानी दुश्मनी का खूनी अंत! चाय पीने निकले युवक की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर हत्या

Guntur Murder: आंध्र प्रदेश के गुंटूर में 20 साल पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम सामने आया है. केवीपी कॉलोनी में सुबह करीब 10 बजे चाय पीने के लिए घर से बाहर निकले चिन्ना की बाइक सवार हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठियों से उन पर हमला किया और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

बताया जा रहा है कि चिन्ना करीब 20 साल पहले केवीपी कॉलोनी में ही रहते थे. इसी दौरान कॉलोनी के एक व्यक्ति बुल्लैया और चिन्ना की पहली पत्नी को लेकर कथित तौर पर विवाद और अफवाहें सामने आई थीं. कुछ समय बाद बुल्लैया की हत्या कर दी गई थी. उस मामले में पुलिस ने चिन्ना के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था. हालांकि बाद में मामले को बंद कर दिया गया था. इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई.

पुरानी रंजिश में हत्या

बताया जाता है कि इसके बाद चिन्ना ने अपनी पहली पत्नी को तलाक दे दिया और दूसरी शादी कर ली. वह गुंटूर छोड़कर पहले मंगलगिरी में रहने लगा. आरोप है कि जब उसे पता चला कि बुल्लैया के परिवार के लोग भी उस इलाके में पहुंच गए हैं और उसे निशाना बनाए जाने की आशंका है, तो वह तेलंगाना के सूर्यापेट चला गया. चिन्ना पिछले करीब 20 वर्षों से वहीं रह रहा था.

पुलिस की प्रारंभिक जांच और सामने आई जानकारी के अनुसार, हाल ही में केवीपी कॉलोनी में रहने वाले चिन्ना के एक रिश्तेदार या परिचित बाबा की मौत की सूचना मिली थी. इसके बाद चिन्ना के गुंटूर आने की संभावना बनी. आरोप है कि बुल्लैया के परिवार से जुड़े लोगों को भी यह जानकारी मिल गई और उन्होंने उसके आने का इंतजार करते हुए योजना बनाई.

हमलावरों ने घेर कर मारा

बताया जा रहा है कि चिन्ना जब बाबा को श्रद्धांजलि देने या अंतिम दर्शन के लिए केवीपी कॉलोनी पहुंचा, तो उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी. सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह चाय पीने के लिए सड़क पर निकला. इसी दौरान कुछ लोग बाइक पर उसका पीछा करने लगे. मौका मिलते ही हमलावरों ने उसे घेर लिया. आरोप है कि पहले लाठियों से हमला किया गया और इसके बाद धारदार हथियारों से कई वार किए गए.

अचानक हुए हमले में चिन्ना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना फैलते ही चिन्ना के परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने हत्या के पीछे की वजहों की गहन जांच की मांग की है.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद केवीपी कॉलोनी में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

फिलहाल पुलिस 20 साल पुराने बुल्लैया हत्याकांड और मौजूदा हत्या के बीच संभावित संबंध समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश में कितने लोग शामिल थे और क्या यह वारदात वास्तव में पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी

इनपुट-तेलुगु डेस्क

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

google button