2017 से बेहतर प्रदर्शन करेंगे, विकास-सुशासन पर लड़ेंगे चुनाव: BJP प्रदेश अध्यक्ष का गाजियाबाद में दावा, बोले- CM का फैसला संसदीय बोर्ड करेगा - Ghaziabad News
- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Ghaziabad
- BJP Ghaziabad Statement | Pankaj Chaudhary On UP Assembly Election 2027
प्रथम चौधरी | गाजियाबाद5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को गाजियाबाद में कहा- पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2017 के मुकाबले भी बेहतर प्रदर्शन करेगी और चुनाव विकास, सुशासन तथा सरकार के कामकाज के आधार पर लड़ा जाएगा।
संगठन के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। सभी को साथ लेकर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने संगठन की एकजुटता को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया।
'2017 के बाद यूपी में बड़ा बदलाव आया'
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- 2017 से पहले और वर्तमान उत्तर प्रदेश में बड़ा अंतर है। उनके मुताबिक राज्य में विकास कार्यों में तेजी आई है, कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ी हैं। बिजली की बढ़ती खपत भी औद्योगिकीकरण और आर्थिक विकास का संकेत है, जिसके चलते देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
बिजली आपूर्ति से जुड़े सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि तकनीकी कारणों से कहीं-कहीं समस्या आ सकती है, लेकिन सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 18 घंटे बिजली उपलब्ध करा रही है और व्यवस्था में लगातार सुधार किया जा रहा है।
CM चेहरे पर बोले- संसदीय बोर्ड करेगा फैसला
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में इस संबंध में निर्णय संसदीय बोर्ड करता है। पार्टी उचित समय पर मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा करेगी।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनका कहना था कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ट्रस्ट भी आवश्यक कदम उठाएगा।
बच्चों का भविष्य सर्वोपरि है
नीट पेपर लीक मामले पर पंकज चौधरी ने कहा- बच्चों का भविष्य सर्वोपरि है और सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की विपक्ष की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार की संलिप्तता का कोई तथ्य सामने नहीं आया है, इसलिए इस्तीफे का कोई औचित्य नहीं बनता।
.